प्रणब मुखर्जी ने सुवेंदु अधिकारी को दी थी TMC छोड़ने और मोदी के साथ जाने की सलाह! पूर्व राष्ट्रपति से मुलाकात का मुख्यमंत्री ने किया खुलासा
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया है कि भारत के पूर्व राष्ट्रपति और कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रणब मुखर्जी ने उन्हें तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ने की सलाह दी थी। अधिकारी ने बताया कि यह बातचीत उस समय हुई थी, जब प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति बनने के बाद राष्ट्रपति भवन में रह रहे थे।
सुवेंदु अधिकारी ने मंगलवार (24 नवंबर) को कोलकाता में आयोजित ‘द इकोनॉमिक टाइम्स बंगाल एसेंड्स समिट’ में यह बात कही। उन्होंने प्रणब मुखर्जी को अपना ‘मूल सलाहकार’ बताते हुए कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में पूर्व राष्ट्रपति की अहम भूमिका रही थी।
‘आगे बढ़ना है तो मोदी जी के साथ रहिए’
सुवेंदु अधिकारी ने प्रणब मुखर्जी के साथ हुई बातचीत को याद करते हुए कहा, “मेरे मूल सलाहकार बाद में प्रणब मुखर्जी बने। राष्ट्रपति बनने के बाद मैं उनसे मिलने रायसीना हिल गया था।”
उन्होंने आगे बताया कि प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था, “सोचिए कि आप क्या करना चाहते हैं। अगर आपको एक कर्मचारी बनकर रहना है तो यहीं रहिए, लेकिन अगर आप अपने दम पर आगे बढ़ना चाहते हैं तो मोदी जी के साथ रहिए।”
अधिकारी के मुताबिक, प्रणब मुखर्जी ने उन्हें तृणमूल कांग्रेस के कामकाज के तरीके को लेकर भी अपनी राय बताई थी। उन्होंने पार्टी को बुआ-भतीजे की पार्टी बताते हुए कहा था कि उसका संचालन एक कंपनी की तरह होता है, जिसमें एक मैनेजिंग चेयरमैन और एक मैनेजिंग डायरेक्टर होता है।
यहां सुवेंदु अधिकारी का इशारा ममता बनर्जी और उनके भतीजे अभिषेक बनर्जी की ओर था। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि वह खुद भी तृणमूल कांग्रेस का हिस्सा थे, लेकिन पार्टी में एक कर्मचारी की तरह बने रहना नहीं चाहते थे। इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया। उन्होंने प्रणब मुखर्जी को अपना अभिभावक और सलाहकार बताते हुए कहा, “वह मेरे अभिभावक थे, मेरे सलाहकार थे। राजनीति से अलग हटकर भी हर भारतीय प्रणब मुखर्जी का सम्मान करता है।”
हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि प्रणब मुखर्जी के साथ यह बातचीत कब हुई थी, तो उन्होंने ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया।अधिकारी ने कहा, “मैं इस बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहता। वह अब हमारे बीच नहीं हैं। इस बात को लेकर विवाद हो सकता है, इसलिए मैं ज्यादा खुलासा नहीं करना चाहता।”
2020 में TMC छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे सुवेंदु
सुवेंदु अधिकारी कभी ममता बनर्जी के सबसे करीबी और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे। वह 1998 में तृणमूल कांग्रेस से जुड़े थे। नंदीग्राम में भूमि अधिग्रहण के खिलाफ आंदोलन के दौरान उन्हें बड़ी राजनीतिक पहचान मिली थी।
2009 और 2014 में उन्होंने तमलुक लोकसभा सीट से जीत दर्ज की। इसके बाद 2016 में नंदीग्राम विधानसभा सीट से चुनाव जीतकर ममता बनर्जी सरकार में मंत्री बने।
हालांकि, पार्टी में अभिषेक बनर्जी का प्रभाव बढ़ने के साथ सुवेंदु अधिकारी और टीएमसी नेतृत्व के बीच दूरियां बढ़ने लगीं। नवंबर 2020 में उन्होंने राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दिया और पार्टी छोड़ दी। 19 दिसंबर 2020 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में वह बीजेपी में शामिल हो गए।
2021 के विधानसभा चुनाव में सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था। हालांकि, उस चुनाव में बीजेपी सत्ता हासिल नहीं कर सकी, लेकिन सुवेंदु अधिकारी राज्य में पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा बनकर उभरे और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बने।
प्रणब मुखर्जी और RSS के रिश्तों पर भी हुआ था विवाद
प्रणब मुखर्जी कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शामिल रहे और 2012 से 2017 तक देश के 13वें राष्ट्रपति रहे। अगस्त 2020 में उनका निधन हो गया था। हालांकि, अपने राजनीतिक जीवन के अंतिम वर्षों में बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के साथ उनके अच्छे संबंधों को लेकर भी काफी चर्चा हुई थी।
2018 में प्रणब मुखर्जी नागपुर स्थित RSS मुख्यालय पहुंचे थे। यहां उन्होंने संघ के प्रचारकों को ‘राष्ट्र, राष्ट्रवाद और देशभक्ति’ विषय पर करीब 28 मिनट का भाषण दिया था। अपने संबोधन में उन्होंने RSS के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार को ‘भारत माता का महान सपूत’ बताया था।
उनके इस दौरे पर कांग्रेस के भीतर भी चर्चा और असहजता देखने को मिली थी। हालांकि, बाद में पार्टी ने उनके भाषण का स्वागत किया। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा था कि प्रणब मुखर्जी ने RSS को भारत की बहुलता, सहिष्णुता, धर्मनिरपेक्षता और समावेशिता का आईना दिखाया है।
सोनिया गांधी की किताब में प्रणब मुखर्जी को लेकर भी विवाद
हाल ही में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में प्रणब मुखर्जी को लेकर किए गए एक जिक्र ने भी विवाद खड़ा कर दिया था।
सोनिया गांधी ने लिखा था कि वह प्रणब मुखर्जी को ‘प्रणब जी’ कहकर बुलाती थीं। उन्होंने 2010 की एक मुलाकात का जिक्र करते हुए लिखा कि प्रणब मुखर्जी ने उनसे संकेत दिया था कि शायद अब नेतृत्व में बदलाव का समय आ गया है। सोनिया गांधी ने इसे प्रधानमंत्री बनने की उनकी पुरानी इच्छा के संकेत के रूप में समझा था।
इस पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल उठाते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि इसमें हैरान होने जैसी क्या बात है? उन्होंने कहा था कि उनके पिता ने अपनी मेहनत और योग्यता के दम पर पद हासिल किए थे, न कि किसी पारिवारिक विरासत के आधार पर।
शर्मिष्ठा ने 2023 में एक इंटरव्यू में यह भी बताया था कि उनके पिता और नरेंद्र मोदी के बीच अच्छे संबंध थे। मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री भी नहीं बने थे, तब से दोनों एक-दूसरे को जानते थे। संगठन के काम से दिल्ली आने पर मोदी सुबह की सैर के दौरान प्रणब मुखर्जी के पैर छूकर उनका अभिवादन करते थे।
ममता बनर्जी के खिलाफ बीजेपी का बड़ा चेहरा बने सुवेंदु
सुवेंदु अधिकारी के बीजेपी में शामिल होने के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला। 2021 में ममता बनर्जी को नंदीग्राम में हराने के बाद वह राज्य में बीजेपी के सबसे प्रमुख नेताओं में शामिल हो गए।
2026 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने टीएमसी के खिलाफ बीजेपी के अभियान का नेतृत्व करने में अहम भूमिका निभाई। चुनाव में बीजेपी ने 294 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि सुवेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराया। इसके बाद वह पश्चिम बंगाल के पहले बीजेपी मुख्यमंत्री बने।
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस की स्थापना 1998 में ममता बनर्जी ने कांग्रेस से अलग होकर की थी। ऐसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की ओर से सुवेंदु अधिकारी को टीएमसी छोड़कर नरेंद्र मोदी के साथ जाने की सलाह दिए जाने का यह खुलासा बंगाल की राजनीति में नई चर्चा छेड़ सकता है।
