Bigg Boss 20: फैमिली वीक में स्काउटओपी से मिलने नहीं आएंगी गर्लफ्रेंड काश्वी हिरानंदानी, बोलीं- मुझे कोई परेशानी नहीं चाहिए
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: ‘बिग बॉस 20’ में जल्द ही फैमिली वीक की शुरुआत होने वाली है। इस दौरान घर में बंद कंटेस्टेंट्स को अपने परिवार और करीबियों से मिलने का मौका मिलेगा। हालांकि, गेमर और यूट्यूबर स्काउटओपी की गर्लफ्रेंड काश्वी हिरानंदानी उनसे मिलने बिग बॉस के घर में नहीं आएंगी। काश्वी ने खुद इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि उन्होंने काफी पहले ही फैमिली वीक में शामिल होने से इनकार कर दिया था।
हाल ही में फैंस के साथ एक लाइवस्ट्रीम बातचीत के दौरान काश्वी ने अपने फैसले की वजह भी बताई। उन्होंने कहा, “यार, फैमिली वीक के लिए मैं काफी पहले ही मना कर चुकी थी। अब मुझे किसी तरह की परेशानी नहीं चाहिए। मैं कोई विवाद नहीं चाहती। मुझे बस आराम से रहना है।”
लाइवस्ट्रीम के दौरान फैंस ने काश्वी से अपना फैसला बदलने की अपील भी की, लेकिन वह अपने फैसले पर कायम रहीं। उन्होंने कहा कि स्काउटओपी से मिलने के लिए उनके माता-पिता या रोहित भाई को बिग बॉस के घर जाना चाहिए।
काश्वी ने कहा, “मेरे हिसाब से उनके माता-पिता में से किसी एक को या फिर रोहित भाई को घर जाना चाहिए। मुझे लगता है कि इन लोगों में से किसी एक को उनसे मिलना चाहिए।”
उन्होंने यह भी कहा कि अगर स्काउटओपी तक कोई जरूरी संदेश पहुंचाना है, तो उनके माता-पिता या रोहित भाई के जरिए पहुंचाया जा सकता है।
पहले भी बिग बॉस के मंच पर पहुंची थीं काश्वी
काश्वी ने बिग बॉस में अपनी पिछली मौजूदगी को भी याद किया। उन्होंने बताया कि पिछली बार वह अपने माता-पिता की मर्जी के खिलाफ शो के मंच पर पहुंची थीं। मंच से उतरने के बाद उन्होंने अपने माता-पिता को इस बारे में जानकारी दी थी।
उन्होंने कहा, “पिछली बार भी मैं अपने माता-पिता की मर्जी के खिलाफ उस मंच पर गई थी। जब मैं मंच से नीचे आई, तब मैंने उन्हें बताया था। लेकिन अब भी मैं इस शो का हिस्सा नहीं बनना चाहती।” गौरतलब है कि काश्वी की पिछली एंट्री काफी चर्चा में रही थी। शो के होस्ट रोहित शेट्टी के साथ मंच साझा करते हुए उन्होंने स्काउटओपी से साथी कंटेस्टेंट लव गिल के साथ उनकी बढ़ती नजदीकियों को लेकर सवाल किए थे।
काश्वी ने दोनों के रिश्ते पर अपनी नाराजगी जाहिर की थी। साथ ही स्काउटओपी को कुछ सीमाएं बनाए रखने और लव से दूरी रखने की सलाह भी दी थी। इस बातचीत के दौरान दोनों के बीच असहज स्थिति देखने को मिली थी।
‘बिग बॉस 20’ को सलमान खान होस्ट कर रहे हैं। शो का प्रसारण JioHotstar पर रात 9 बजे होता है, जबकि कलर्स टीवी पर इसे रात 10:30 बजे प्रसारित किया जाता है। अब देखना होगा कि फैमिली वीक में स्काउटओपी से मिलने के लिए उनके परिवार से कौन घर में एंट्री करता है।
