पीएम की मां को गाली देने वाले को जाले सीट से दिया गया टिकट: सूत्र
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाज़ी को लेकर विवादों में घिरे कांग्रेस नेता मोहम्मद नौशाद को बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए जाले विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, नौशाद आज नामांकन दाखिल करेंगे। लेकिन ये कन्फर्म नहीं हो पाया है कि नौशाद को महागठबंधन के किस पार्टी की तरफ से टिकट दिया गया है। या फिर वो निर्दलीय लड़ेंगे और विपक्षी पार्टियां उनका समर्थन करेगी।
यह फैसला ऐसे समय आया है जब दो महीने पहले दरभंगा में राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान नौशाद के मंच से पीएम मोदी की मां के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया था। इस घटना ने तीव्र राजनीतिक प्रतिक्रिया को जन्म दिया था।
क्या था मामला?
अगस्त में दरभंगा में हुए एक कार्यक्रम के दौरान मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया। यह कार्यक्रम कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के तहत हो रहा था, जिसमें राहुल गांधी बिहार से गुजर रहे थे, हालांकि वे उस विशेष सभा में शामिल नहीं हुए थे।
घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे “गंभीर रूप से दुखद और कष्टदायक” बताया, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इसे “लोकतंत्र पर धब्बा” कहा था।
राजनीतिक घमासान तेज
बीजेपी ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर सीधा हमला बोला था। पार्टी ने कहा था कि “बिहार की जनता राहुल गांधी को कभी माफ नहीं करेगी।”
वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि कार्यक्रम में “बीजेपी के एजेंट घुसपैठ कर गए थे” और जानबूझकर यह घटना करवाई गई ताकि राहुल गांधी की यात्रा से ध्यान भटकाया जा सके। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने इसे “राजनीतिक साजिश” करार दिया।
जाले सीट पर पुराना विवाद भी रहा है
यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस की जाले सीट पर उम्मीदवारी को लेकर विवाद हुआ हो। पिछली बार कांग्रेस ने मशकूर उस्मानी को टिकट दिया था, जिन पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) में मोहम्मद अली जिन्ना की तस्वीर के समर्थन का आरोप लगा था। बीजेपी ने इसे बड़ा मुद्दा बनाया, जिससे मिथिलांचल क्षेत्र में महागठबंधन को नुकसान हुआ।
भाजपा के मजबूत गढ़ में चुनौती
जाले सीट से बीजेपी नेता और मौजूदा मंत्री जीवेश मिश्रा लगातार दो बार जीत चुके हैं। यह सीट अब कांग्रेस-राजद गठबंधन और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर का मैदान बन गई है।
नौशाद के खिलाफ दर्ज केस में स्थानीय अदालत कल उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई करेगी।
