महिला वर्ल्ड कप 2025: स्मृति मंधाना बनीं नंबर 1 बल्लेबाज, रैंकिंग में बढ़ाया फासला

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 में लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में अपनी नंबर 1 पोजीशन और मजबूत कर ली है। मंधाना ने टूर्नामेंट में लगातार अर्धशतक जड़े हैं, जिनमें इंग्लैंड के खिलाफ इंदौर में खेली गई 88 रनों की आकर्षक पारी भी शामिल है।
इस शानदार फॉर्म के दम पर मंधाना अब 83 रेटिंग अंकों के साथ शीर्ष पर काबिज हैं। इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट, जिन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 191 रन बनाए हैं, उनके सबसे करीब हैं।
मंधाना को हाल ही में सितंबर 2025 का आईसीसी महिला प्लेयर ऑफ द मंथ भी चुना गया था, जो उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज़ में शानदार प्रदर्शन के लिए जीता था।
अन्य खिलाड़ियों की रैंकिंग में भी हुआ बदलाव:
ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलिसा हीली ने लगातार शतक जड़कर एक स्थान की छलांग लगाई और अब संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गई हैं।
दक्षिण अफ्रीका की तज़मिन ब्रिट्स एक स्थान ऊपर चढ़कर नौवें नंबर पर पहुंच गई हैं।
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने तीन स्थान की छलांग लगाकर 15वें स्थान पर जगह बनाई है।
ऑस्ट्रेलिया की फोएबे लिचफील्ड पांच स्थान ऊपर चढ़कर 17वें नंबर पर पहुंचीं।
इंग्लैंड की हीदर नाइट ने भारत के खिलाफ शतक लगाकर 15 स्थान की छलांग लगाई और अब वह 18वें पायदान पर हैं। उन्हें भारत के खिलाफ शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी चुना गया।
गेंदबाजों की रैंकिंग में:
इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टन अब भी गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप पर बनी हुई हैं।
भारत की दीप्ति शर्मा पांच मैचों में 13 विकेट लेकर तीन स्थान की छलांग के साथ तीसरे स्थान पर आ गई हैं।
ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग दो स्थान चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंची हैं।
पाकिस्तान की तीन खिलाड़ियों ने भी रैंकिंग में सुधार किया:
नाशरा संधु (तीन स्थान ऊपर, 11वें स्थान पर),
सादिया इक़बाल (पांच स्थान ऊपर, 14वें स्थान पर),
फातिमा सना (पांच स्थान ऊपर, 24वें स्थान पर)।
ऑलराउंडर की रैंकिंग:
फातिमा सना ने ऑलराउंडर रैंकिंग में भी पांच स्थान का सुधार कर 15वां स्थान हासिल किया। श्रीलंका की कप्तान चमारी अटापट्टू एक स्थान ऊपर चढ़कर सातवें स्थान पर पहुंच गई हैं।
