दक्षिण अफ्रीका में फिर सामूहिक गोलीबारी, 10 लोगों की मौत, 10 घायल

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका में एक बार फिर सामूहिक गोलीबारी की घटना सामने आई है। जोहान्सबर्ग के बाहरी इलाके बेकर्सडाल टाउनशिप में अज्ञात बंदूकधारियों ने हमला कर 10 लोगों की हत्या कर दी, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
पुलिस के अनुसार यह इलाका जोहान्सबर्ग से करीब 40 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। हमले के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। समाचार एजेंसी एएफपी से बात करते हुए गौतेंग प्रांत की पुलिस प्रवक्ता ब्रिगेडियर ब्रेंडा मुरिडिली ने बताया, “कुछ पीड़ितों को सड़कों पर ही अंधाधुंध गोली मारी गई। मृतकों की पहचान को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं है।”
पुलिस बयान में कहा गया है कि गोलीबारी एक टैवर्न (अनौपचारिक शराबखाने) के पास हुई, जो एक गरीब इलाका है और दक्षिण अफ्रीका की प्रमुख सोने की खानों के नजदीक स्थित है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि यह घटना इस महीने की दूसरी बड़ी सामूहिक गोलीबारी है। इससे पहले 6 दिसंबर को राजधानी प्रिटोरिया के पास एक हॉस्टल में हुए हमले में तीन साल के बच्चे सहित 12 लोगों की मौत हो गई थी। उस मामले में भी पुलिस ने बताया था कि गोलीबारी ऐसी जगह पर हुई थी, जहां अवैध रूप से शराब बेची जा रही थी।
लगभग 6.3 करोड़ की आबादी वाले दक्षिण अफ्रीका में अपराध की दर बेहद ऊंची है और यह देश दुनिया के सबसे अधिक हत्या दर वाले देशों में शामिल माना जाता है।
