17 साल की शूटर का आरोप: नेशनल कोच ने किया यौन उत्पीड़न, NRAI ने किया कोच को सस्पेंड

17-year-old shooter alleges sexual harassment by national coach; NRAI suspends the coachचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: नेशनल शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज पर लगे गंभीर यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है और कारण बताओ नोटिस जारी किया है। आरोप लगाने वाली 17 साल की नेशनल लेवल की महिला शूटर है।

पीड़िता का आरोप है कि दिसंबर 2024 में नई दिल्ली में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप के दौरान फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित एक होटल में कोच ने उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़ित परिवार की आधिकारिक शिकायत के बाद हरियाणा पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।

फरीदाबाद में दर्ज FIR के मुताबिक, भारद्वाज ने न सिर्फ नाबालिग शूटर का यौन उत्पीड़न किया, बल्कि चुप न रहने पर उसका करियर बर्बाद करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।

FIR में बताया गया है कि 16 दिसंबर को यह घटना हुई, जब पीड़िता दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में नेशनल लेवल की प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही थी। मैच के बाद कोच ने उसे प्रदर्शन की समीक्षा के बहाने सूरजकुंड होटल की लॉबी में मिलने के लिए बुलाया।

शिकायत के अनुसार, होटल पहुंचने पर उस पर कोच के कमरे में जाने का दबाव बनाया गया। FIR में आरोप है कि कमरे के अंदर कोच ने उसका यौन उत्पीड़न किया और घटना का खुलासा करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर NIT फरीदाबाद महिला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। चूंकि एथलीट नाबालिग है, इसलिए केस POCSO एक्ट की धारा 6 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 351(2) के तहत दर्ज किया गया है।

फिलहाल पुलिस होटल की CCTV फुटेज जुटाने और मामले से जुड़े गवाहों के बयान दर्ज करने में जुटी है। मामला सामने आने के बाद खेल जगत में हड़कंप मच गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *