प्रधानमंत्री मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदला, हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल का किया वर्चुअल उद्घाटन
चिरौरी न्यूज
जालंधर/लुधियाना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब के आदमपुर एयरपोर्ट का नया नाम ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी एयरपोर्ट, आदमपुर’ घोषित किया। इसके साथ ही उन्होंने लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन का वर्चुअल उद्घाटन भी किया।
प्रधानमंत्री दिल्ली से संसद में केंद्रीय बजट पेश किए जाने के बाद दोपहर करीब 3:45 बजे आदमपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यह निर्णय संत गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के पावन अवसर पर लिया गया।
प्रधानमंत्री ने इस मौके पर सोशल मीडिया पर कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य और गौरव की बात है कि संत रविदास जयंती के पावन अवसर पर पंजाब के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम श्री गुरु रविदास महाराज जी के नाम पर रखा गया है। यह हम सभी के लिए अत्यंत खुशी का दिन है।
प्रधानमंत्री मोदी जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां भी पहुंचे, जहां उन्होंने गुरु रविदास जी की जयंती के कार्यक्रम में भाग लिया।
इस बीच, लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट पर विकसित किए गए सिविल टर्मिनल भवन का प्रधानमंत्री ने वर्चुअल उद्घाटन किया। यह टर्मिनल भारतीय वायुसेना के बेस पर विकसित किया गया है और इसके चालू होने से क्षेत्र में हवाई संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।
करीब 54.67 करोड़ रुपये की लागत से बने इस टर्मिनल प्रोजेक्ट को पंजाब सरकार और एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के संयुक्त सहयोग से विकसित किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इससे उद्योग, पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी आएगी और पंजाब के सामाजिक-आर्थिक विकास को मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री के जालंधर दौरे को देखते हुए पूरे क्षेत्र में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए थे।
