ग्रैमी अवॉर्ड्स: बैड बनी, बिली आयलिश समेत कलाकारों ने ट्रम्प की इमिग्रेशन नीति के खिलाफ उठाई आवाज

Grammy Awards: Artists including Bad Bunny and Billie Eilish spoke out against Trump's immigration policies.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: हॉलीवुड के बड़े अवॉर्ड शोज़ की तरह ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 भी इस बार राजनीति से अछूते नहीं रहे। संगीत के सबसे बड़े मंच पर कई विजेता कलाकारों ने अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) के खिलाफ खुलकर विरोध दर्ज कराया। बैड बनी और बिली आयलिश जैसे शीर्ष कलाकारों ने अपने अवॉर्ड स्वीकार करते समय मंच को विरोध का जरिया बना दिया।

ICE, जो अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति काल से विवादों में रही है, हाल के दिनों में अमेरिकी नागरिकों रेनी गुड और एलेक्स प्रेट्टी की मौतों को लेकर तीखी आलोचना का सामना कर रही है। इन्हीं मुद्दों को लेकर अमेरिका में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए और ट्रंप की इमिग्रेशन नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय हड़ताल की भी अपील की गई। अब यही विरोध सड़कों से निकलकर ग्रैमी मंच तक पहुंच गया।

बैड बनी का तीखा संदेश

प्यूर्टो रिको के मशहूर रैपर बैड बनी ने Best Música Urbana Album (Debí Tirar Más Fotos) का ग्रैमी जीतने के बाद ICE पर सीधा हमला बोला।

उन्होंने कहा, “भगवान को धन्यवाद देने से पहले मैं कहूंगा—ICE आउट। हम जंगली नहीं हैं, हम जानवर नहीं हैं, हम एलियन नहीं हैं। हम इंसान हैं और हम अमेरिकन हैं।”

बैड बनी ने आगे कहा कि नफरत से ज्यादा ताकतवर सिर्फ प्यार होता है। “अगर लड़ना है तो प्यार से लड़ो। हम नफरत नहीं करते, हम अपने लोगों और अपने परिवार से प्यार करते हैं। यही सही तरीका है,” उन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा।

Grammy Awards: Artists including Bad Bunny and Billie Eilish spoke out against Trump's immigration policies.बिली आयलिश: ‘कोई भी अवैध नहीं है’

गायिका बिली आयलिश ने भी इमिग्रेशन के समर्थन में भावुक संदेश दिया। अपने 2024 एल्बम Hit Me Hard and Soft के गाने के लिए अवॉर्ड लेते हुए उन्होंने कहा, “चोरी की गई जमीन पर कोई भी अवैध नहीं है। इस वक्त क्या कहना और क्या करना है, यह समझना बहुत मुश्किल है।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे इस कमरे में उम्मीद महसूस हो रही है। हमें लड़ते रहना होगा, बोलते रहना होगा और विरोध करते रहना होगा। हमारी आवाज़ मायने रखती है… और सच कहूं तो, f*** ICE।”

अन्य कलाकारों की भावुक प्रतिक्रियाएं

Olivia Dean, जिन्हें Best New Artist का ग्रैमी मिला, ने खुद को “एक प्रवासी की पोती” बताया। उन्होंने कहा, “मैं यहां एक प्रवासी की पोती के रूप में खड़ी हूं। मैं साहस की उपज हूं और ऐसे लोगों को सेलिब्रेट किया जाना चाहिए।”

ग्लोरिया एस्टेफन, जिन्होंने Best Tropical Latin Album का अवॉर्ड जीता, ने कहा कि वह मौजूदा हालात से डरी और चिंतित हैं। “यह अपराधियों को पकड़ने की बात नहीं है। ये वे लोग हैं जिनके परिवार हैं, जिन्होंने दशकों तक इस देश में योगदान दिया है। बच्चों को डिटेंशन सेंटर्स में रखा गया है। यह अमानवीय है। मैं इस वक्त अपने देश को पहचान नहीं पा रही,” उन्होंने AFP से कहा।

Shaboozey, जिनका असली नाम कॉलिन्स ओबिन्ना चिबुएज़े है और जिनके माता-पिता नाइजीरिया से हैं, ने कहा कि अमेरिका प्रवासियों ने ही बनाया है। उन्होंने Best Country Duo/Group Performance का अवॉर्ड जीतने के बाद कहा, “यह उन सभी के लिए है जो बेहतर भविष्य की तलाश में यहां आए और इस देश को रंग, संगीत, कहानियां और संस्कृति दीं।”

SZA का सवाल

रिकॉर्ड ऑफ द ईयर जीतने वाली गायिका SZA ने मौजूदा हालात को “डिस्टोपियन” बताया।

उन्होंने कहा, “एक तरफ हम सज-धज कर जश्न मना रहे हैं, दूसरी तरफ लोग सड़कों पर उठाए जा रहे हैं और गोली मारी जा रही है। गुस्से और निराशा के अलावा समझ नहीं आता क्या महसूस करें। लेकिन अगर हौसला टूट गया, तो बदलाव नामुमकिन हो जाएगा।”

जो कलाकार मंच पर नहीं बोल सके, उन्होंने ‘ICE OUT’ पिन पहनकर अपना विरोध दर्ज कराया। इनमें जस्टिन बीबर, हैली बीबर और दिग्गज गायिका जोनी मिचेल जैसे नाम शामिल रहे। ग्रैमी अवॉर्ड्स 2026 ने साफ कर दिया कि यह सिर्फ संगीत का मंच नहीं रहा, बल्कि सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर आवाज़ उठाने का भी एक बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *