‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल को लेकर सस्पेंस बरकरार, दीपिका की जगह साई पल्लवी की एंट्री संभव

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: डायरेक्टर नाग अश्विन की मेगा साइंस-फिक्शन फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल का इंतज़ार एक बार फिर लंबा होता नजर आ रहा है। वैजयंती मूवीज़ के बैनर तले बनी इस बहुप्रतीक्षित फ्रेंचाइज़ी में प्रभास, अमिताभ बच्चन और कमल हासन जैसे दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में हैं, लेकिन मेकर्स फिलहाल अगली किस्त को लेकर चुप्पी साधे हुए हैं।
इसी बीच सोशल मीडिया और इंडस्ट्री गलियारों में यह चर्चा तेज़ हो गई थी कि दीपिका पादुकोण के बाहर होने के बाद फिल्म के अहम किरदार SUM-80 के लिए साई पल्लवी को फाइनल कर लिया गया है। अब इस पूरे मामले पर एक प्रोडक्शन रिप्रेजेंटेटिव ने स्थिति साफ कर दी है।
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रोडक्शन से जुड़े सूत्र ने कहा, “अभी कुछ भी फाइनल नहीं हुआ है। हां, दीपिका के बाहर होने के बाद मेकर्स SUM-80 के रोल के लिए साई पल्लवी पर विचार कर रहे हैं। उन्हें लगता है कि वह इस किरदार के लिए एकदम फिट हो सकती हैं। लेकिन फिलहाल ये सब सिर्फ अटकलें हैं। ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतज़ार करना चाहिए।”
दीपिका पादुकोण के ‘कल्कि 2898 AD’ के सीक्वल से बाहर होने की खबरों ने तब और जोर पकड़ा, जब सितंबर 2025 में वह संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘स्पिरिट’ से भी अलग हो गई थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग 20 दिनों तक शूटिंग करने के बावजूद सैलरी बढ़ोतरी को लेकर बातचीत असफल रहने के बाद एक्ट्रेस ने प्रोजेक्ट छोड़ने का फैसला किया।
गौरतलब है कि ‘कल्कि 2898 AD’ में SUM-80 (सुमति) का किरदार कहानी का एक बेहद अहम हिस्सा है। वह प्रोजेक्ट K की एक प्रेग्नेंट लैब सब्जेक्ट है और भविष्यवाणी किए गए अवतार कल्कि की मां मानी जाती है। फिल्म में कमल हासन के सुप्रीम यास्किन की लैब से भागने के बाद SUM-80, अमिताभ बच्चन के निभाए गए अश्वत्थामा की शरण में पहुंचती है। तेलुगु वर्जन में दीपिका के लिए शोभिता धूलिपाला ने डबिंग की थी।
वर्क फ्रंट की बात करें तो, दीपिका पादुकोण अगली बार एटली की फिल्म AA22xA6 में नजर आएंगी, जिसमें उनके साथ अल्लू अर्जुन होंगे। यह ‘जवान’ (2023) के बाद एटली और दीपिका की दूसरी फिल्म होगी।
वहीं साई पल्लवी जल्द ही डायरेक्टर नितेश तिवारी की मेगा फिल्म ‘रामायण’ में देवी सीता के किरदार में दिखाई देंगी। इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, रवि दुबे लक्ष्मण, यश रावण और सनी देओल भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं।
‘रामायण’ को दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज़ करने की तैयारी है।
