सिंगल मदर बनकर उर्वशी ढोलकिया ने अकेले की जुड़वां बेटों की परवरिश, भावुक पोस्ट में छलका मां का प्यार
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: टीवी की मशहूर अभिनेत्री उर्वशी ढोलकिया एक बार फिर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। ‘कसौटी जिंदगी की’ में कोमोलिका का यादगार किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली उर्वशी ने हाल ही में अपने जुड़वां बेटों सागर और क्षितिज के नाम एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर की है। एक सिंगल मदर के रूप में दोनों बेटों की परवरिश करने वाली अभिनेत्री ने अपने इस पोस्ट में मां के उस निस्वार्थ प्यार को बयां किया है, जिसे शब्दों में समेट पाना आसान नहीं है। उनके इस भावुक संदेश ने फैंस का दिल छू लिया है।
दरअसल, उर्वशी ने इंस्टाग्राम पर अपने बेटों के लिए एक लंबा और दिल छू लेने वाला नोट लिखा। इस पोस्ट में उन्होंने बच्चों के बचपन से लेकर उनके जवां होने तक के सफर को याद किया। अभिनेत्री ने भावुक होते हुए बताया कि जिन बच्चों को कभी उन्होंने अपनी गोद में खिलाया था, आज वही बड़े होकर अपनी जिंदगी के फैसले लेने के लिए तैयार हैं। वक्त के इतनी तेजी से गुजर जाने का एहसास करते हुए उन्होंने अपने बेटों के प्रति प्यार और गर्व जाहिर किया।
‘तुम सिर्फ मेरे बेटे नहीं, मेरे दिल का हिस्सा हो’
अपने बेटों के लिए प्यार जाहिर करते हुए उर्वशी ने लिखा, “मेरे प्यारे बेटों, मैं तुमसे जिंदगी भर प्यार करती रहूंगी। कुछ भावनाएं ऐसी होती हैं, जिन्हें शब्दों में पूरी तरह बयां नहीं किया जा सकता और तुम्हारे लिए मेरा प्यार भी उन्हीं में से एक है। तुम सिर्फ मेरे बेटे नहीं हो, बल्कि मेरे दिल का वह हिस्सा हो, जो मेरे शरीर से बाहर धड़कता है। तुम वही छोटे बच्चे हो, जिन्हें कभी मैंने अपनी बाहों में संभाला था। तुम वही नौजवान हो, जिन्हें मैंने अपनी आंखों के सामने बड़ा होते देखा है। तुम मेरे जीवन का वह अनमोल आशीर्वाद हो, जिसके लिए मैं हर दिन ईश्वर का शुक्रिया अदा करती हूं। कभी-कभी तुम्हें देखकर सोचती हूं कि आखिर ये सारे साल इतनी जल्दी कहां गुजर गए।”
बेटों के बचपन को याद कर भावुक हुईं उर्वशी
अभिनेत्री ने आगे लिखा कि उनके बेटों का बचपन आज भी उनकी यादों में बिल्कुल ताजा है। उन्होंने कहा, “तुम चाहे कितने भी बड़े क्यों न हो जाओ, मेरे दिल का एक हिस्सा हमेशा तुम्हारे बचपन में ही रहेगा। मुझे तुम्हारे छोटे-छोटे चेहरे, तुम्हारी जानी-पहचानी आवाजें और तुम्हारे आसपास होने से मिलने वाली खुशी हमेशा याद रहेगी। वक्त भले ही बदल जाए, लेकिन एक मां के दिल में अपने बच्चों के बचपन की यादें कभी पुरानी नहीं होतीं।”
‘मेरा प्यार पाने के लिए तुम्हें कुछ साबित करने की जरूरत नहीं’
अपने बेटों को जिंदगी में आगे बढ़ने और अपने सपनों को पूरा करने की प्रेरणा देते हुए उर्वशी ने लिखा, “मैं जानती हूं कि जिंदगी तुम दोनों को अपने-अपने रास्तों पर ले जाएगी। तुम अपने फैसले खुद लोगे, अपने सपने बुनोगे और अपनी एक खूबसूरत दुनिया बनाओगे। मेरी बस यही दुआ है कि तुम हमेशा खुश रहो, तुम्हें जिंदगी में प्यार और सम्मान मिले और तुम्हें सुकून से जीने का मौका मिले। लेकिन एक बात हमेशा याद रखना, मेरा प्यार पाने के लिए तुम्हें कभी कुछ साबित करने की जरूरत नहीं है। मुझे तुम पर गर्व हो, इसके लिए तुम्हारा परफेक्ट होना भी जरूरी नहीं है। तुम मेरे बेटे हो और यही वजह है कि मैं तुमसे हमेशा प्यार करती रहूंगी।”
उर्वशी ने आगे कहा कि जिंदगी की व्यस्तताओं के बीच भले ही कभी बातचीत कम हो जाए, दिल की बातें अनकही रह जाएं या उनके बीच दूरियां आ जाएं, लेकिन उनके प्यार में कभी कमी नहीं आएगी। उनके दिल में अपने बेटों के लिए हमेशा एक खास जगह रहेगी।
‘मेरे दिल में एक ऐसी जगह हमेशा रहेगी, जहां तुम्हें सिर्फ प्यार मिलेगा’
अपने भावुक संदेश में अभिनेत्री ने बेटों को भरोसा दिलाया कि जिंदगी में चाहे कैसी भी परिस्थितियां आएं, उनका घर और उनका दिल हमेशा उनके लिए खुला रहेगा। उन्होंने लिखा कि उनके दिल में एक ऐसी जगह हमेशा मौजूद रहेगी, जहां उनके बेटों को समझा जाएगा, उन्हें प्यार मिलेगा, उनकी गलतियों को माफ किया जाएगा और उन्हें बिना किसी शर्त के अपनाया जाएगा।
पोस्ट के आखिर में उर्वशी ने लिखा, “हो सकता है कि जिंदगी के हर मोड़ पर मैं तुम्हारा हाथ थामकर तुम्हारे साथ न चल पाऊं, लेकिन तुम हमेशा मेरे दिल में रहोगे। मैं बस यही चाहती हूं कि तुम कभी यह न भूलो कि तुम मेरे दिल के लिए प्यार करने की सबसे खूबसूरत वजह थे, हो और हमेशा रहोगे। मेरा ढेर सारा प्यार तुम्हारे साथ है, आज भी, कल भी और हमेशा।”
उर्वशी की इस पोस्ट में एक मां का अपने बच्चों के प्रति निस्वार्थ प्रेम, त्याग, गर्व और भावनात्मक जुड़ाव साफ झलकता है। एक सिंगल मदर के रूप में बेटों को अकेले बड़ा करने का उनका सफर और आज उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होते देखने का गर्व उनके इन शब्दों में बखूबी महसूस किया जा सकता है।
