सात साल बाद अभिनय की दुनिया में लौटीं रिया चक्रवर्ती

Rhea Chakraborty returns to the world of acting after seven years.चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती एक बार फिर अपने जीवन और करियर की बागडोर संभालती नजर आ रही हैं। करीब सात साल के लंबे अंतराल के बाद रिया नेटफ्लिक्स की अपकमिंग ड्रामा सीरीज़ ‘फैमिली बिज़नेस’ के ज़रिए अभिनय में वापसी कर रही हैं। यह कमबैक उनके लिए सिर्फ प्रोफेशनल नहीं, बल्कि निजी तौर पर भी बेहद भावनात्मक है।

सात साल बाद सेट पर लौटते ही रिया भावुक हो गईं और उन्होंने अपने सफर को याद किया — एक 17 साल की लड़की का सफर, जो सिर्फ एक सपना लेकर मुंबई आई थी। रिया ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “सात साल हो गए सेट पर गए हुए… लेकिन मैं आज भी वही लड़की हूं जो 17 साल की उम्र में एक्टर बनने का सपना लेकर बॉम्बे आई थी। मेरा एक हिस्सा आगे बढ़ गया, लेकिन एक हिस्सा वहीं रुककर इंतज़ार करता रहा।”

उन्होंने अपने जीवन के इस नए मोड़ को ‘चैप्टर 2’ बताते हुए कहा कि ज़िंदगी अक्सर हमारी योजनाओं से अलग रास्ता चुनती है।
रिया ने इस नए अध्याय में साथ देने के लिए निर्देशक हंसल मेहता, प्रोड्यूसर्स और अपने को-स्टार्स अनिल कपूर और विजय वर्मा का आभार भी जताया। उन्होंने लिखा कि ये सभी लोग उनके जीवन के इस नए सफर का हिस्सा बने, इसके लिए वह बेहद आभारी हैं।

गौरतलब है कि रिया की ज़िंदगी 2020 में उस वक्त पूरी तरह बदल गई थी, जब उनके तत्कालीन पार्टनर अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का अचानक निधन हो गया। इसके बाद कानूनी और निजी मुश्किलों ने उन्हें लंबे समय तक लाइमलाइट से दूर रखा। हालांकि बीते कुछ वर्षों में रिया ने धीरे-धीरे खुद को दोबारा खड़ा किया — चाहे वह ‘MTV रोडीज़’ में गैंग लीडर के रूप में वापसी हो या फिर उनका पॉडकास्ट ‘चैप्टर 2’, जिसमें उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य और आत्मबल जैसे मुद्दों पर खुलकर बात की।

रिया की आखिरी फिल्म ‘चेहरे’ 2021 में रिलीज़ हुई थी, जिसमें वह अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी के साथ नजर आई थीं।
अब बात करें ‘फैमिली बिज़नेस’ की, तो इसके टीज़र में अनिल कपूर एक मल्टी-बिलियन डॉलर कंपनी के मुखिया की भूमिका में हैं, जबकि विजय वर्मा उनके भरोसेमंद कर्मचारी के रूप में दिखाई देते हैं। कहानी तब दिलचस्प मोड़ लेती है जब अनिल कपूर विजय वर्मा को नौकरी से निकाल देते हैं, जिससे सत्ता, विश्वास और बदले की जंग शुरू होती है।

रिया चक्रवर्ती की यह वापसी सिर्फ एक अभिनय कमबैक नहीं, बल्कि खुद को दोबारा खोजने और आगे बढ़ने की कहानी भी है — एक ऐसा ‘चैप्टर 2’, जो हिम्मत, धैर्य और आत्मविश्वास से लिखा जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *