राम गोपाल वर्मा की ‘पुलिस कंपनी’ में फरदीन खान का दमदार फर्स्ट लुक
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: फरदीन खान राम गोपाल वर्मा की अगली फिल्म ‘पुलिस कंपनी’ में एक रफ और टफ अवतार में अपने फैंस को चौंकाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। एक्टर ने अपने इंस्टाग्राम पर अपने इस दमदार लुक की पहली झलक शेयर की है। उनका यह खतरनाक लुक किसी ग्रे-शेड वाले किरदार की ओर इशारा करता है, जो पर्दे पर उनके अब तक के किरदारों से बिल्कुल अलग है।
तस्वीर शेयर करते हुए फरदीन खान ने लिखा, “यह ‘डी कंपनी’ से भी ज्यादा खतरनाक है। 1997 से 2004 के बीच 319 गैंगस्टर्स मारे गए थे।” जून 2027 में रिलीज होने वाली यह फिल्म, संजय लीला भंसाली के नेटफ्लिक्स शो ‘हीरामंडी’ के बाद फरदीन का अगला बड़ा प्रोजेक्ट है।
View this post on Instagram
अगस्त में फिल्म की घोषणा करते हुए राम गोपाल वर्मा ने लिखा, “टी-सीरीज द्वारा प्रोड्यूस की जा रही मेरी अगली फिल्म का नाम है… ‘पुलिस कंपनी’। इसकी टैगलाइन है – ‘यह डी कंपनी से भी ज्यादा खतरनाक है’। पुलिस एक संस्था है, और अंडरवर्ल्ड कंपनी पैसा कमाने का एक जरिया है… लेकिन जब किसी संस्था को एक्स्ट्रा पावर (अतिरिक्त शक्तियां) दे दी जाती हैं, तो वह जल्द ही एक कंपनी बन जाती है।”
राम गोपाल वर्मा द्वारा निर्देशित और भूषण कुमार द्वारा प्रोड्यूस की गई ‘पुलिस कंपनी’ में हर्षवर्धन राणे मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म मुंबई के मशहूर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट पुलिस अधिकारी दया नायक के जीवन पर आधारित है। फिल्म में फातिमा सना शेख, परेश रावल, सौरभ शुक्ला, मकरंद देशपांडे और अश्विनी कालसेकर जैसे कई कलाकार नजर आएंगे।
इससे पहले, फरदीन खान 2026 की फिल्म ‘राजा शिवाजी’ में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने शाहजहां का किरदार निभाया था। उससे पहले, वे ‘हाउसफुल 5’ (2025) में देव डोबरियाल के रोल में दिखे थे। अभिनेता ने 2024 में संजय लीला भंसाली की वेब सीरीज ‘हीरामंडी: द डायमंड बाजार’ के साथ वापसी की और इसके बाद वे ‘खेल खेल में’ और ‘विस्फोट’ जैसी फिल्मों में नजर आए।
