टी20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान मैच से पहले भारत को बड़ा झटका, अभिषेक शर्मा अस्पताल में भर्ती

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबले से पहले टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को पेट में संक्रमण (स्टमक इन्फेक्शन) के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सोमवार, 10 फरवरी को अस्पताल में एडमिट किया गया और उन्होंने वहीं रात बिताई। उनकी स्थिति को लेकर अभी और जानकारी का इंतजार है।
भारत को बुधवार को दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में नामीबिया के खिलाफ मुकाबला खेलना है, जिसके बाद टीम को रविवार को कोलंबो में पाकिस्तान से भिड़ना है। हालांकि ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिषेक का नामीबिया के खिलाफ खेलना संदिग्ध माना जा रहा है।
ट्रेनिंग से रहे नदारद
अभिषेक सोमवार को टीम की ट्रेनिंग में शामिल नहीं हुए थे और 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ मैच में दूसरी पारी के दौरान भी मैदान पर नजर नहीं आए। हालांकि वे रविवार को हेड कोच गौतम गंभीर के दिल्ली स्थित आवास पर आयोजित डिनर में मौजूद थे।
सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के सहायक कोच रयान टेन डोशेट ने उम्मीद जताई थी कि अभिषेक जल्द फिट हो जाएंगे। उन्होंने कहा, “अभिषेक को पेट से जुड़ी कुछ दिक्कतें हैं, लेकिन हमें उम्मीद है कि वह दो दिन में होने वाले मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।”
बीसीसीआई के एक सूत्र ने बताया है कि अभिषेक का नामीबिया के खिलाफ खेलना फिलहाल मुश्किल लग रहा है।
सूत्र के मुताबिक, “अभिषेक को पेट में संक्रमण के कारण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। समस्या का पता लगाने के लिए कुछ मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें आज छुट्टी मिलेगी या नहीं। नामीबिया के खिलाफ मैच खेलना फिलहाल संदिग्ध है।”
क्यों अहम हैं अभिषेक?
अभिषेक शर्मा 2024 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू के बाद से टी20 क्रिकेट में शानदार फॉर्म में रहे हैं। 25 वर्षीय बल्लेबाज ने 39 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1297 रन बनाए हैं, जिसमें दो शतक और आठ अर्धशतक शामिल हैं। वह वर्तमान में आईसीसी टी20 रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज हैं।
एशिया कप 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की जीत में उनका अहम योगदान रहा था। उन्होंने तीन मैचों में 110 रन 189.66 के स्ट्राइक रेट से बनाए थे।
पिछले साल उन्होंने 21 मैचों में 859 रन 42.95 की औसत और 193.46 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से बनाए। 2026 में भी उनका बल्ला जमकर बोल रहा है—अब तक छह मैचों में 182 रन 245.94 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से बना चुके हैं।
कौन ले सकता है जगह?
यदि अभिषेक नामीबिया के खिलाफ नहीं खेल पाते हैं, तो संजू सैमसन की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो सकती है। उन्हें अमेरिका के खिलाफ मैच में बाहर रखा गया था।
फिलहाल टीम प्रबंधन और फैंस की निगाहें अभिषेक की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं, क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से पहले उनका फिट होना भारत के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
