पूर्व एक्ट्रेस सोमी अली का भावुक पोस्ट: “नफरत नहीं, अब उपचार चुनने का समय है”

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पूर्व अभिनेत्री सोमी अली ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अतीत, क्षमा और भावनात्मक उपचार पर अपने विचार रखे हैं। अपने संदेश में उन्होंने किशोरावस्था की गलतियों, रिश्तों में लगी चोटों और समय के साथ माफी की जरूरत पर खुलकर बात की।
सोमी अली ने लिखा, “ छोटी उम्र में की गई गलतियों, चाहे हमने एक-दूसरे को जानबूझकर या अनजाने में कितना भी दुख पहुंचाया हो, उन्हें समय के साथ माफ कर देना चाहिए। हम बच्चे थे, सीख रहे थे, इंसान थे। लेकिन आज भी हममें से कुछ लोग पुराने घावों को पकड़े रहते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि माफी को लोग अक्सर हार मान लेना समझ लेते हैं, जबकि सच में गुस्से को पकड़े रखना खुद के लिए एक पिंजरा बना लेने जैसा है। “छोड़ दीजिए, उनके लिए नहीं, अपने लिए। शांति के लिए, आज़ादी के लिए,” उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा।
View this post on Instagram
अतीत से जुड़ा नाम, चर्चित रहा रिश्ता
सोमी अली 1990 के दशक में बॉलीवुड का जाना-पहचाना चेहरा रही हैं। उनका नाम उस दौर में सुपरस्टार सलमान खान के साथ रिश्ते को लेकर काफी चर्चा में रहा। दोनों का संबंध कई वर्षों तक सुर्खियों में रहा और फिल्मी गलियारों में यह रिश्ता सबसे चर्चित प्रेम कहानियों में गिना जाता था। हालांकि बाद में दोनों अलग हो गए और सोमी ने धीरे-धीरे फिल्म इंडस्ट्री से दूरी बना ली।
पाकिस्तान में जन्मी और अमेरिका में पली-बढ़ी सोमी अली ने 1990 के दशक की शुरुआत में बॉलीवुड में कदम रखा। उन्होंने कई फिल्मों में अभिनय किया। उस दौर में वे मुख्यधारा की व्यावसायिक फिल्मों का हिस्सा रहीं और बड़े बैनरों के साथ काम किया।
हालांकि उनका करियर लंबा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने खुद को इंडस्ट्री में स्थापित करने के लिए लगातार काम किया। अभिनय के साथ-साथ उनके डांस नंबर भी चर्चा में रहे। बाद में उन्होंने सामाजिक कार्यों की ओर रुख किया और महिलाओं के अधिकारों तथा घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने लगीं।
अपने हालिया पोस्ट में सोमी अली ने साफ शब्दों में कहा कि जीवन में एक ऐसा भावनात्मक मोड़ आना चाहिए, जब हम कह सकें—“बस, अब काफी है।”
