जम्मू-कश्मीर ने रचा इतिहास, पहली बार जीता रणजी ट्रॉफी खिताब
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर ने घरेलू क्रिकेट में नया इतिहास रचते हुए पहली बार रणजी ट्रॉफी 2025-26 का खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को पहली पारी की बढ़त के आधार पर हराया। फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर ने अपनी पहली पारी में विशाल 584 रन बनाए। टीम की ओर से शुभम पुंडीर ने शानदार 121 रनों की शतकीय पारी खेली और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
इसके जवाब में कर्नाटक की टीम 293 रनों पर सिमट गई। जम्मू-कश्मीर की ओर से तेज गेंदबाज औकिब नबी ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। कर्नाटक के अनुभवी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने 160 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिला।
पहली पारी में 291 रनों की अहम बढ़त हासिल करने के बाद जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में भी दमदार प्रदर्शन किया। टीम का कुल स्कोर 633 तक पहुंच गया, जिसमें कामरान इकबाल और साहिल लोटरा ने शतकीय पारियां खेलीं।
पांचवें दिन मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, लेकिन पहली पारी की बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया गया।
यह जीत जम्मू-कश्मीर क्रिकेट के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गई है और टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब जीतकर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
