पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल: वीरेंद्र सहवाग

Pakistan's path to the semi-finals is difficult: Virender Sehwag
(Pic: Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: टी20 विश्व कप 2026 के सुपर 8 मुकाबले में पाकिस्तान के सामने करो या मरो की स्थिति है। पल्लेकेले स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ होने वाले अहम मैच से पहले बड़ा सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान भारी अंतर से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बना पाएगा?

पाकिस्तान को अपने दूसरे सुपर 8 मैच में इंग्लैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका पहला मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।

सुपर 8 – ग्रुप 2 अंक तालिका इस प्रकार है:

  1. इंग्लैंड – 6 अंक (3 मैच, नेट रन रेट +1.096)
  2. न्यूजीलैंड – 3 अंक (3 मैच, नेट रन रेट +1.390)
  3. पाकिस्तान – 1 अंक (2 मैच, नेट रन रेट -0.461)
  4. श्रीलंका – 0 अंक (2 मैच, नेट रन रेट -2.800)

अंक तालिका में पाकिस्तान न सिर्फ अंकों में, बल्कि नेट रन रेट के मामले में भी न्यूजीलैंड से पीछे है। ऐसे में पाकिस्तान को सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़ी जीत की जरूरत है।

इसी बीच भारतीय क्रिकेट के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने पाकिस्तान की संभावनाओं पर संदेह जताया है। क्रिकबज पर चर्चा के दौरान एंकर ने कहा कि अगर पाकिस्तान पहले बल्लेबाजी कर 160 रन बनाता है तो उसे श्रीलंका को 64 या उससे अधिक रनों से हराना होगा। इस पर सहवाग ने तुरंत कहा, “जो कि नहीं होने वाला, आगे पढ़।”

जब एंकर ने बताया कि अगर श्रीलंका 161 रन का लक्ष्य देता है तो पाकिस्तान को 40 से ज्यादा गेंदें शेष रहते लक्ष्य हासिल करना होगा, तब भी सहवाग ने कहा, “वो भी नहीं होने वाला।”

सहवाग ने अपने तर्क देते हुए कहा, “पाकिस्तान के लिए यह इतना आसान नहीं है। इंग्लैंड के खिलाफ उनकी दुआ शायद कबूल हो गई हो, लेकिन ऐसा बार-बार नहीं होगा। अगर वे किसी तरह सेमीफाइनल में पहुंच जाते हैं तो बहुत अच्छी बात है, लेकिन समीकरण बहुत कठिन है। अगर उन्हें 160 बनाकर 60 रन से जीतना है, तो श्रीलंका को बेहद खराब क्रिकेट खेलना होगा। उन्हें 90 पर आउट होना पड़ेगा, जो संभव नहीं लगता। 13-14 ओवर में लक्ष्य का पीछा करना संभव है, लेकिन पाकिस्तान की बल्लेबाजी वैसी नहीं है।”

उन्होंने आगे कहा, “पाकिस्तान 160 रन ही नहीं बना पा रहा है, तो 14 ओवर में लक्ष्य कैसे हासिल करेगा? यह बेहद मुश्किल होगा।”

अब सबकी निगाहें पल्लेकेले में होने वाले इस अहम मुकाबले पर टिकी हैं, जहां पाकिस्तान को चमत्कारिक प्रदर्शन की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *