‘प्रोटेक्टिव’ तरीके से शूट किए गए थे ‘ड्रीम्स’ के लिए इंटीमेट सीन: जेसिका चैस्टेन
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: हॉलीवुड स्टार जेसिका चैस्टेन ने अपनी नई फिल्म ड्रीम्स में दिए गए इंटीमेट सीन्स को लेकर खुलकर बात की है। इस फिल्म का निर्देशन मिशेल फ्रेंको ने किया है। फिल्म में जेसिका एक अमीर सोशलाइट जेनिफर मैकार्थी की भूमिका निभा रही हैं, जिसका संबंध एक अवैध प्रवासी फर्नांडो रोड्रिगेज से दिखाया गया है।
Collider को दिए इंटरव्यू में जेसिका से जब पूछा गया कि क्या वह इंटीमेट सीन्स को लेकर घबराई हुई थीं, तो उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “बिल्कुल, मैं सोच रही थी कि क्या मुझे सच में एक प्रोफेशनल बैले डांसर के साथ ऐसा सीन करना है? यह काफी जटिल और मुश्किल था।”
उन्होंने बताया कि फिल्म के हर इंटीमेट सीन का कहानी में खास महत्व है। जेसिका ने निर्देशक से हर सीन का अर्थ और कहानी में उसकी भूमिका समझाने को कहा था। उन्होंने खुलासा किया कि सीढ़ियों वाला सीन (स्टेयरकेस सीन) उनकी अपनी मांग पर बदला गया था। पहले यह सीन लिविंग रूम में शूट होना था, लेकिन वहां बड़े खुले शीशे थे। जेसिका को लगा कि वह खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पाएंगी, इसलिए उन्होंने घर में दूसरी जगह तलाशने का सुझाव दिया।
उन्होंने कहा कि स्टेयरकेस सीन में भले ही दर्शकों को ऐसा लगे कि वे कुछ निजी देख रहे हैं, लेकिन वास्तव में उसमें बहुत कम दिखाया गया है। “मैं पूरे सीन में ढकी हुई हूं, फिर भी वह काफी प्रभावशाली लगता है। इससे साबित होता है कि कभी-कभी कम दिखाना ज्यादा असरदार होता है। अनावश्यक खुलापन जरूरी नहीं है,” उन्होंने कहा।
ऑस्कर विजेता अभिनेत्री ने बताया कि वह अक्सर फिल्मों में इंटीमेट सीन्स करती हैं, लेकिन अगर वे कहानी की जरूरत हों तो वह उन्हें करने में सहज हैं। उन्होंने कहा, “लगता है जैसे मैं हर प्रोजेक्ट में ऐसे सीन करती हूं। यहां तक कि The Eyes of Tammy Faye में भी मैंने प्रेग्नेंसी के दौरान लव सीन किया था। यह मेरे लिए आसान नहीं होता, लेकिन जब कोई चीज चुनौतीपूर्ण होती है, तो मैं उससे भागती नहीं, बल्कि उसका सामना करती हूं।”
जेसिका ने यह भी कहा कि सीन्स फ्रॉम अ मैरेज जैसे प्रोजेक्ट्स में भी भावनात्मक और शारीरिक नजदीकियों की जरूरत होती है, जो एक कलाकार के लिए चुनौतीपूर्ण होती हैं।
उन्होंने बताया कि उन्होंने ड्रीम्स इसलिए साइन की क्योंकि इससे उन्हें निर्देशक मिशेल फ्रैंको के साथ दोबारा काम करने का मौका मिला। इससे पहले दोनों 2023 की फिल्म मेमोरी में साथ काम कर चुके हैं।
