दुबई में फंसे यात्रियों के लिए आगे आए सोनू सूद, मुफ्त रहने की सुविधा देने का किया ऐलान

Sonu Sood comes forward to help stranded passengers in Dubai, announces free accommodation
(File Photo/Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता और समाजसेवी सोनू सूद एक बार फिर मानवता की मिसाल पेश करते नजर आए हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण दुबई में फंसे यात्रियों की मदद के लिए उन्होंने मुफ्त रहने की सुविधा देने का ऐलान किया है।

गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए सोनू सूद ने कहा कि जो भी लोग मौजूदा संकट की वजह से दुबई में फंस गए हैं और उनके पास ठहरने के लिए कोई जगह नहीं है, वे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ऐसे सभी लोगों के लिए फ्री में रहने की व्यवस्था की जाएगी।

वीडियो में सोनू सूद ने कहा, “जो कोई भी मौजूदा हालात के कारण दुबई में फंसा है, हम आपको बताना चाहते हैं कि आपके पास रहने की जगह है। हम सुनिश्चित करेंगे कि आपको मुफ्त में ठहरने की सुविधा मिले।”

उन्होंने लोगों से अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए संपर्क करने और अपनी जानकारी साझा करने की अपील भी की। सूद ने कहा कि यह सुविधा सिर्फ भारतीयों के लिए ही नहीं बल्कि किसी भी देश के नागरिक के लिए उपलब्ध होगी, जो दुबई में फंसा हुआ है।

52 वर्षीय अभिनेता ने कहा, “जो भी हमारे हिंदुस्तानी भाई-बहन या किसी भी नेशनैलिटी के लोग दुबई में फंसे हुए हैं, आप मुझे DM कीजिए। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जब तक आप अपने देश वापस नहीं पहुंच जाते, तब तक आपको मुफ्त रहने की सुविधा मिलती रहे।”

सोनू सूद को उनके मानवीय कार्यों के लिए अक्सर “असली हीरो” कहा जाता है। खासतौर पर कोविड महामारी के दौरान उन्होंने हजारों प्रवासी मजदूरों को उनके घर पहुंचाने, भोजन और रहने की व्यवस्था कराने में बड़ी भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वे शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, आपदा राहत और ग्रामीण विकास से जुड़े कई सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते हैं।

दरअसल, यह स्थिति मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण पैदा हुई है। हाल ही में ईरान, इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच बढ़ते टकराव के बाद क्षेत्र में सुरक्षा हालात बिगड़ गए हैं। फरवरी के अंत में ईरानी ठिकानों पर अमेरिका और इज़राइल के संयुक्त हमलों के बाद स्थिति और गंभीर हो गई, जिसके जवाब में मिसाइल और ड्रोन हमलों की घटनाएं सामने आईं।

इस तनाव के चलते खाड़ी क्षेत्र के कई देशों ने एहतियातन अपने एयरस्पेस पर पाबंदियां लगा दी हैं और कई उड़ानों को रद्द या डायवर्ट कर दिया गया है। इससे दुनिया के सबसे व्यस्त अंतरराष्ट्रीय ट्रांज़िट हब में से एक दुबई में हजारों यात्री फंस गए हैं। एयरलाइंस और प्रशासन क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा जोखिमों का आकलन कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *