अक्षय कुमार ने राजपाल यादव को दी सलाह: ‘एक्टर हो तो एक्टर ही रहो, प्रोडक्शन में जल्दबाज़ी न करें’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार इन दिनों अपनी फिल्म भूत बंगला के प्रमोशन में व्यस्त हैं, जहां उनके साथ फिल्ममेकर प्रियदर्शन भी मौजूद हैं। इसी दौरान उन्होंने अभिनेता राजपाल यादव के चल रहे 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
स्क्रीन के साथ एक इंटरव्यू में अक्षय कुमार ने अपने अनुभव साझा करते हुए दिवंगत दिग्गज अभिनेता असरानी से हुई आखिरी बातचीत का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि असरानी ने उन्हें सलाह दी थी कि कभी भी खुद फिल्म प्रोड्यूस न करें। अक्षय के मुताबिक, “उन्होंने कहा था कि अपनी कमाई को फिल्म में लगाना उनके जीवन की सबसे बड़ी गलती थी।”
इसी बात को जोड़ते हुए अक्षय कुमार ने राजपाल यादव के मामले पर कहा, “हम कलाकार हैं, और प्रोड्यूसर को फिल्म बनाना आता है। अगर आप एक्टर हैं तो आपको उसी पर फोकस करना चाहिए। जल्दी पैसे कमाने के चक्कर में शॉर्टकट नहीं अपनाना चाहिए।”
हालांकि अक्षय ने राजपाल यादव की तारीफ भी की और कहा कि वे बेहद प्रतिभाशाली अभिनेता हैं। “जब वह 100 प्रतिशत देते हैं, तो 120-140 प्रतिशत तक पहुंच जाते हैं। उनके साथ काम करना बेहद मजेदार होता है,” उन्होंने कहा।
वहीं प्रियदर्शन ने भी इस बातचीत में हिस्सा लेते हुए बताया कि उन्होंने अपने करियर में 98 फिल्में बनाई हैं, लेकिन कभी प्रोड्यूस नहीं किया। उन्होंने कहा कि भूत बंगला में अक्षय और राजपाल की जोड़ी “टॉम एंड जेरी” जैसी है।
राजपाल यादव को 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में 5 फरवरी को आत्मसमर्पण करना पड़ा था, जिसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेजा गया। हालांकि 17 फरवरी को 1.5 करोड़ रुपये जमा करने के बाद उन्हें राहत मिली। दिल्ली हाई कोर्ट ने उनकी सजा को 18 मार्च तक के लिए स्थगित कर दिया था।
