नालंदा: बिहारशरीफ के शीतला माता मंदिर मेले में भगदड़; 8 की मौत, कई घायल

चिरौरी न्यूज
नालंदा/नई दिल्ली: बिहार के नालंदा जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां शीतला मंदिर मेले में अचानक भगदड़ मचने से 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घटना बिहार शरीफ के मघड़ा इलाके में माता शीतला अष्टमी के अवसर पर आयोजित मेले के दौरान हुई, जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए जुटे हुए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चैत्र महीने के अंतिम मंगलवार के कारण मंदिर परिसर में भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान दर्शन के लिए मची होड़ के बीच अचानक अफरा-तफरी फैल गई और देखते ही देखते भगदड़ की स्थिति बन गई। इस हादसे में कई महिलाएं और बच्चे भी भीड़ में दब गए, जिससे मौके पर ही 8 लोगों की मौत हो गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को तुरंत इलाज के लिए बिहार शरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। अधिकारियों ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि भारी भीड़ में लोग जल्दी दर्शन करने की कोशिश कर रहे थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। उनके अनुसार, हादसे के बाद काफी देर से प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची।
हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और मंदिर परिसर को खाली कराते हुए मेले को अस्थायी रूप से बंद करा दिया। साथ ही, क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति सामान्य बनी रहे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का आज नालंदा दौरा
गौरतलब है कि आज नालंदा जिले में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का भी दौरा प्रस्तावित है। राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में आयोजित दूसरे दीक्षांत समारोह में वे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर, बिहार के राज्यपाल और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
फिलहाल इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है, वहीं प्रशासन घटना के कारणों की जांच में जुट गया है।
