शेन वॉर्न की मौत पर उनके बेटे जैक्सन का बड़ा दावा: COVID वैक्सीन को ठहराया जिम्मेदार
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वॉर्न की अचानक मौत ने साल 2022 में क्रिकेट जगत को गहरे सदमे में डाल दिया था। अब, उनकी मौत के चार साल बाद, उनके बेटे जैक्सन वॉर्न ने एक ऐसा दावा किया है, जिसने इस मामले को फिर से चर्चा में ला दिया है।
एक पॉडकास्ट ‘2 Worlds Collide’ में बातचीत के दौरान जैक्सन ने कहा कि उन्हें शक है कि उनके पिता की मौत में COVID-19 वैक्सीन की भी भूमिका हो सकती है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शेन वॉर्न को पहले से कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं।
जैक्सन ने कहा, “मुझे लगता है कि इसमें (वैक्सीन का) कुछ न कुछ हाथ जरूर था। भले ही डैड को पहले से दिक्कतें रही हों, लेकिन मुझे लगता है कि वैक्सीन ने उन समस्याओं को और बढ़ा दिया।” उन्होंने यह भी बताया कि पिता की मौत की खबर मिलते ही उनके मन में पहला ख्याल यही आया था कि इसके पीछे सिर्फ प्राकृतिक कारण नहीं हो सकते।
उन्होंने कहा, “फोन रखते ही मेरे दिमाग में आया कि इसके लिए सरकार और COVID से जुड़ी चीजों को जिम्मेदार ठहराया जाए।” हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि उस वक्त भावनाओं में बहकर ऐसा सोचना स्वाभाविक था, और उन्होंने सार्वजनिक रूप से इस तरह की बातें कहने से खुद को रोका।
जैक्सन के मुताबिक, शेन वॉर्न ने अपनी इच्छा के विरुद्ध COVID-19 वैक्सीन की कई डोज़ ली थीं, क्योंकि काम के चलते उन्हें ऐसा करना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि वॉर्न तीन या चार डोज़ ले चुके थे, जबकि वे खुद ऐसा नहीं करना चाहते थे।
हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस तरह के विचारों में उलझे रहना उनके लिए मानसिक रूप से कठिन रहा है। “मैं इस बारे में ज्यादा नहीं सोचने की कोशिश करता, क्योंकि इससे मेरे अंदर गुस्सा बढ़ता है, और वह किसी के लिए भी अच्छा नहीं है,” उन्होंने कहा।
जैक्सन ने अपने पिता की जीवनशैली का जिक्र करते हुए बताया कि मौत से कुछ समय पहले तक वे खुद को काफी फिट और खुश महसूस कर रहे थे। “वे अच्छे दिख रहे थे, जिंदगी का आनंद ले रहे थे। हां, वे सिगरेट और शराब लेते थे, लेकिन ऐसे कई लोग हैं जो इससे ज्यादा करते हैं और लंबी उम्र जीते हैं,” उन्होंने कहा।
गौरतलब है कि शेन वॉर्न का निधन मार्च 2022 में थाईलैंड में 52 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से हुआ था। उनकी अचानक मौत आज भी कई सवाल छोड़ गई है, जिन पर समय-समय पर चर्चा होती रहती है।
