तेजस्वी प्रकाश ने करण कुंद्रा के साथ शादी की अफवाहों को खारिज किया
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: एक्ट्रेस तेजस्वी प्रकाश ने अपने लंबे समय के पार्टनर करण कुंद्रा के साथ शादी को लेकर चल रही अफवाहों पर आखिरकार चुप्पी तोड़ दी है। ‘बिग बॉस 15’ से शुरू हुआ इस कपल का रिश्ता अक्सर सुर्खियों में रहता है, और हाल ही में उनकी गुपचुप शादी की खबरों ने भी खूब चर्चा बटोरी। हालांकि, तेजस्वी ने साफ शब्दों में इन खबरों को खारिज कर दिया है।
‘बॉम्बे टाइम्स’ को दिए इंटरव्यू में तेजस्वी ने स्पष्ट कहा, “अभी ऐसा कुछ भी नहीं होने वाला है,” जिससे यह साफ हो गया कि फिलहाल शादी उनकी प्राथमिकता में नहीं है।
दरअसल, यह कपल इन दिनों अपने-अपने प्रोफेशनल कमिटमेंट्स में काफी व्यस्त है। दोनों साथ में ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ में नजर आ रहे हैं और पहले ‘स्प्लिट्सविला 16’ को भी साथ होस्ट कर चुके हैं। तेजस्वी ने करण के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि प्रोफेशनल तौर पर साथ काम करना उन्हें एक-दूसरे को बेहतर समझने का मौका देता है। उन्होंने यह भी माना कि करण उनके सीनियर हैं और उनसे उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलता है।
वहीं, करण कुंद्रा ने भी सोशल मीडिया पर हल्के-फुल्के अंदाज में शादी की खबरों पर प्रतिक्रिया दी और इशारों-इशारों में बता दिया कि शादी की कोई योजना अभी नहीं, बल्कि कुछ साल बाद बन सकती है।
‘बिग बॉस’ के घर से शुरू हुई इस लव स्टोरी ने फैंस के बीच खास जगह बनाई है। फैंस इस जोड़ी को प्यार से ‘तेजरन’ कहते हैं और दोनों को साथ में त्योहार मनाते, तस्वीरें और वीडियोज शेयर करते देखना खूब पसंद करते हैं।
पर्सनल लाइफ के साथ-साथ दोनों अपने करियर पर भी पूरा फोकस बनाए हुए हैं। ‘लाफ्टर शेफ्स सीजन 3’ के अलावा वे जल्द ही नेटफ्लिक्स की सीरीज ‘देसी ब्लिंग’ में भी नजर आएंगे, जिसमें दुबई में रहने वाले अमीर भारतीयों की लग्जरी लाइफस्टाइल को दिखाया जाएगा। हालांकि, इस शो की रिलीज डेट का अभी इंतजार है।
