इटालियन ओपन में बड़ा उलटफेर, सोराना सिर्स्टिया से हारकर बाहर हुईं आर्यना सबालेंका

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: दुनिया की नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को इटालियन ओपन में बड़ा झटका लगा है। शनिवार को रोम में खेले गए तीसरे दौर के मुकाबले में रोमानिया की सोराना सिर्स्टिया ने उन्हें 2-6, 6-3, 7-5 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
यह लगातार दूसरा बड़ा उलटफेर है, क्योंकि इससे पहले मैड्रिड ओपन में भी आर्यना सबालेंका को अमेरिकी खिलाड़ी हैली बैपटिस्ट के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।
मैच के दौरान चोट से जूझती रहीं सबालेंका
निर्णायक सेट के दौरान आर्यना सबालेंका ने मेडिकल टाइमआउट लिया। मैच के बाद उन्होंने खुलासा किया कि उन्हें लोअर बैक और हिप में परेशानी थी, जिसकी वजह से वह शॉट्स खेलते समय पूरी तरह घूम नहीं पा रही थीं।
पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबालेंका ने कहा, “मेरी लोअर बैक और हिप में दिक्कत थी, जिसकी वजह से मैं पूरी तरह मूव नहीं कर पा रही थी। अब हम कुछ दिन आराम करेंगे और रिकवरी पर फोकस करेंगे।”
शानदार शुरुआत के बाद बिखरा खेल
आर्यना सबालेंका ने मुकाबले की शुरुआत बेहद शानदार तरीके से की थी। उन्होंने पहला सेट आसानी से जीत लिया और दूसरे सेट में 2-0 की बढ़त भी बना ली थी। लेकिन इसके बाद उनका खेल पूरी तरह बिखर गया।
लगातार अनफोर्स्ड एरर करने की वजह से उनका रिदम टूट गया और सोराना सिर्स्टिया ने मैच में वापसी कर ली। तीसरे सेट में सबालेंका ने 4-5 से वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन निर्णायक मौकों पर सिर्स्टिया ने संयम बनाए रखा और बड़ा उलटफेर कर दिया।
हार के बाद सबालेंका ने माना कि वह पूरे मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकीं।
उन्होंने कहा, “मैं शुरुआत से अंत तक अच्छा नहीं खेल पाई। शुरुआत अच्छी रही, लेकिन फिर मेरा स्तर गिर गया। मेरा शरीर मुझे अपना बेस्ट देने से रोक रहा था। दूसरी तरफ सोराना ने शानदार टेनिस खेली और ज्यादा मौके नहीं दिए। यह मुश्किल हार है, लेकिन हम हारते नहीं, सिर्फ सीखते हैं।”
फ्रेंच ओपन से पहले बढ़ी चिंता
लगातार दो बड़े टूर्नामेंट में हार के बाद अब आर्यना सबालेंका की फॉर्म और फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मैड्रिड ओपन में हैली बैपटिस्ट के खिलाफ छह मैच पॉइंट गंवाने के बाद अब रोम में भी वह क्ले कोर्ट पर संघर्ष करती नजर आईं।
फ्रेंच ओपन शुरू होने में ज्यादा समय नहीं बचा है और सबालेंका अब तक रोलां गैरोस का खिताब नहीं जीत पाई हैं। ऐसे में लगातार हार और फिटनेस की परेशानी उनके लिए चिंता का बड़ा कारण बन गई है।
