मां बनने के बाद पूरी तरह बदल गई हूं: कियारा आडवाणी

I have completely changed after becoming a mother: Kiara Advani
(File Pic: Twitter)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री कियारा आडवाणी ने हाल ही में मां बनने के बाद अपनी जिंदगी में आए बड़े बदलावों और पोस्टपार्टम डिप्रेशन जैसे संवेदनशील मुद्दे पर खुलकर बात की। पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ जुलाई 2026 में बेटी का स्वागत करने वाली कियारा ने बताया कि मातृत्व ने उनकी पहचान, सोच और भावनाओं को पूरी तरह बदल दिया है।

राज शमानी के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान कियारा ने कहा कि मां बनने के बाद वह खुद को पहले से बिल्कुल अलग इंसान महसूस करती हैं।

उन्होंने कहा, “एक इंसान के तौर पर आपकी पूरी पर्सनैलिटी बदल जाती है। मुझे लगता है कि मां बनने से पहले और बाद में मैं पूरी तरह अलग व्यक्ति हूं।”

कियारा ने बताया कि अब उनकी हर बात और हर व्यवहार ज्यादा मायने रखता है, क्योंकि वह अपनी बेटी के लिए एक अच्छा उदाहरण बनना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि अब वह अक्सर सोचती हैं कि उनकी आदतों और व्यवहार का असर उनकी बेटी पर कैसा पड़ेगा।

अभिनेत्री ने यह भी माना कि मातृत्व का अनुभव हर महिला के लिए अलग होता है और यह भावनात्मक तथा शारीरिक रूप से गहरा असर छोड़ सकता है।

पोस्टपार्टम डिप्रेशन पर खुलकर बोलीं कियारा

कियारा आडवाणी ने पोस्टपार्टम डिप्रेशन पर अधिक खुली बातचीत की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह एक बड़ा “आइडेंटिटी शिफ्ट” होता है, जहां एक महिला की पूरी दुनिया बदल जाती है।

भावुक होते हुए कियारा ने कहा, “यह जिंदगी की बिल्कुल नई सच्चाई होती है। उस समय खुद के प्रति दयालु होना आसान नहीं होता। इसमें समय लगता है। मेरे लिए यह सफर अभी छह महीने का रहा है।”

उन्होंने बताया कि इस दौरान वह लगातार खुद को “सेल्फ-कम्पैशन” यानी खुद के प्रति नरमी और समझदारी बरतने की याद दिलाती रही हैं।

स्किन प्रॉब्लम और मानसिक दबाव पर भी की बात

पॉडकास्ट में कियारा ने अपनी स्किन से जुड़ी समस्या और उससे होने वाले भावनात्मक तनाव के बारे में भी बात की। उन्होंने बताया कि जब राज शमानी ने उन्हें अपनी बहन के समान अनुभव के बारे में मैसेज किया, तो वह काफी भावुक हो गई थीं।

कियारा का मानना है कि महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य, खासकर पोस्टपार्टम डिप्रेशन जैसे मुद्दों पर समाज में ज्यादा संवेदनशील और खुली चर्चा होनी चाहिए, ताकि महिलाएं खुद को अकेला महसूस न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *