भरतनाट्यम परफॉर्मेंस पर विवादों के बीच अनन्या पांडे ने कहा, लाइफ इज ब्युटीफूल
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अनन्या पांडे की फिल्म चांद मेरा दिल का एक डांस सीन इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म में अनन्या का भरतनाट्यम और हिप-हॉप का फ्यूजन डांस दर्शकों को कुछ खास पसंद नहीं आया, जिसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया जाने लगा।
हालांकि इस पूरे विवाद पर अनन्या ने अब तक चुप्पी साध रखी थी, लेकिन हाल ही में उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक कैरोसेल पोस्ट शेयर किया, जिसका कैप्शन था — “Life is beautiful.”
पोस्ट में अनन्या अपनी बहन राइसा पांडे के साथ नजर आ रही हैं। तस्वीरों में पिज्जा, फूलों का गुलदस्ता और खूबसूरत प्राकृतिक नजारों के बीच अनन्या काफी खुश और रिलैक्स दिखाई दे रही हैं।
क्या है पूरा विवाद?
फिल्म के वायरल क्लिप में अनन्या का किरदार भरतनाट्यम के स्टेप्स को हिप-हॉप और लॉकिंग स्टाइल के साथ मिलाकर परफॉर्म करता दिखाई देता है, जबकि उनके को-स्टार लक्ष्य उन्हें देखते नजर आते हैं।
फिल्म मेकर्स ने इसे मॉडर्न और एक्सपेरिमेंटल टच देने की कोशिश की, लेकिन सोशल मीडिया यूज़र्स ने इसे पसंद नहीं किया। कई लोगों ने मीम्स बनाए, वहीं कुछ अनुभवी भरतनाट्यम कलाकारों ने भी इस प्रस्तुति की आलोचना की।
कोरियोग्राफर ने किया बचाव
अनन्या के समर्थन में असिस्टेंट कोरियोग्राफर अनन्या कुरुप सामने आईं। उन्होंने कहा कि किसी क्लासिकल डांस फॉर्म को सीखना और कम समय में परफॉर्म करना आसान नहीं होता।
उन्होंने लिखा, “अपने कम्फर्ट ज़ोन से बाहर निकलकर किसी शास्त्रीय कला को अपनाने के लिए साहस और समर्पण चाहिए। भरतनाट्यम एक ऐसी कला है जिसे परफेक्ट करने में सालों लग जाते हैं। अनन्या ने बहुत कम समय में ईमानदारी से मेहनत की है और इसकी सराहना होनी चाहिए।”
चांद मेरा दिल को विवेक सोनी और तुषार परांजपे ने लिखा है। फिल्म में संगीत सचिन-जिगर ने दिया है। यह फिल्म अनन्या पांडे और लक्ष्य की पहली ऑन-स्क्रीन साझेदारी है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो अनन्या हाल ही में तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आई थीं, जबकि लक्ष्य हाल में द बास्टर्ड्स ऑफ बॉलीवुड में दिखाई दिए, जिसे आर्यन खान ने बनाया है।
