दिल्ली के चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास तीन मंजिला इमारत ढही; 2 लोगों की मौत, बचाव कार्य जारी
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में गुरुवार को तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।
सहायक संभागीय अधिकारी (ADO) राजेश शुक्ला ने दोपहर करीब 12 बजे जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) की टीम ने मलबे से दो शव निकाले हैं। वहीं, DFS टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने चार घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया था। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान अभी भी जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, यह घटना सुबह 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास ‘गली सितारा’ में हुई। मौके पर दमकल की कम से कम छह गाड़ियां (जिनमें पानी के टैंकर और बचाव वाहन शामिल थे) भेजी गईं और वरिष्ठ अधिकारी बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
घटना के चश्मदीद ने बताया कि वे एक जोरदार आवाज सुनकर जागे और देखा कि वहां से एक शव निकाला जा रहा है। यह घटना सुबह 9:00 या 9:30 बजे के आसपास हुई। हम सो रहे थे, तभी हमें कुछ गिरने की जोरदार आवाज सुनाई दी। हम सब उठे और बाहर भागे। हमें लगा कि हमारा अपना घर गिर रहा है। जब हमने जांच की, तो पता चला कि बगल में बन रही इमारत गिर गई है,” उन्होंने बताया।
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब पुरानी दिल्ली इलाके में दिवाली की भारी भीड़ है। चांदनी चौक और चावड़ी बाजार जैसे थोक बाजारों में इन दिनों खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ उमड़ती है।
पिछले महीने, दिल्ली के सीमापुरी इलाके में पांच मंजिला रिहायशी इमारत ढहने से दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में आठ लोग घायल भी हुए थे।
