वैभव सूर्यवंशी पर गुजरात टाइटंस की बॉडीलाइन बॉलिंग को लेकर भड़के इरफान पठान

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर की गई बॉडीलाइन बॉलिंग को लेकर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने नाराजगी जताई है। गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 मुकाबले में वैभव को कगिसो रबाडा और मोहम्मद सिराज की ओर से लगातार शरीर को निशाना बनाकर गेंदबाजी का सामना करना पड़ा, जिस पर पठान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
इरफान पठान ने लिखा, “15 साल के वैभव सूर्यवंशी को रोकने के लिए बॉडीलाइन बॉलिंग करना मुझे बिल्कुल सही नहीं लगता। मैं जानता हूं कि वह बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ खेल रहा है, लेकिन मेरे अंदर का पिता इससे सहमत नहीं है।”
हालांकि, दबाव और तेज गेंदबाजों की चुनौती के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। युवा बल्लेबाज ने 47 गेंदों में 96 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें कई शानदार चौके और छक्के शामिल थे। उनकी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 214/6 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
राजस्थान की बल्लेबाजी लड़खड़ाने के बावजूद वैभव ने जिम्मेदारी संभाली और परिपक्वता भरी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। इससे पहले एलिमिनेटर मुकाबले में भी उन्होंने 97 रनों की शानदार पारी खेली थी, लेकिन लगातार दूसरे मैच में शतक से चूक गए।
हालांकि, वैभव की शानदार पारी पर गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल का शतक भारी पड़ गया। गिल ने 53 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाकर टीम को 18.4 ओवर में ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। उनके साथ साई सुदर्शन ने भी 32 गेंदों में 58 रन की तेजतर्रार पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 167 रनों की मैच जिताऊ साझेदारी हुई।
गुजरात टाइटंस ने सात विकेट से मुकाबला जीतकर आईपीएल इतिहास में पांच सीजन में तीसरी बार फाइनल में जगह बनाई। अब फाइनल में उनका सामना मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से अहमदाबाद में रविवार को होगा।
राजस्थान रॉयल्स भले ही टूर्नामेंट से बाहर हो गई हो, लेकिन 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। उनकी निडर बल्लेबाजी और दबाव में खेलने की क्षमता ने उन्हें भविष्य का बड़ा सितारा साबित कर दिया है।
