गाजियाबाद: ईद के दिन 11वीं के छात्र सूर्या की चाकू मारकर हत्या, मुख्य आरोपी असद और उसके साथी फरार

Ghaziabad: Class 11 Student Surya Stabbed to Death on Eid; Main Accused Asad and His Accomplices Abscondingचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र स्थित नवनीत विहार कॉलोनी में ईद के मौके पर 11वीं कक्षा के एक छात्र सूर्या की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के आरोपियों में सूर्या का परिचित असद और उसके साथी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि मुख्य आरोपी असद अभी फरार है।

मामले के सिलसिले में मृतक का भाई यश चौहान ने थाने में तहरीर दी है। तहरीर के मुताबिक परिवार मूलतः एटा के सुखवाबाद का रहने वाला है और खोड़ा में ही सूर्या अपनी मां, बहन व भाई के साथ रहता था। पिता कौशलेंद्र का  पहले ही निधन हो चुके हैं। सूर्या 11वीं कक्षा का छात्र था।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को सूर्या दो दोस्तों, विक्की और आयुष, के साथ घर के पास घूम रहा था। इसी दौरान असद ने उसे फोन कर बकरीद पर मिलने के लिए गली नंबर दो में बुलाया। आरोप है कि असद और उसके साथी केले के गोदाम के पास खड़े थे। असद ने सूर्या से कहा कि क्या वह कभी बकरा हलाल होते देखा है। जब सूर्या ने इनकार किया और लौटने लगा तो असद ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर चाकू निकाल कर पेट में घोंप दिया।

चाकू पेट में फंसा होने के बावजूद सूर्या वहां से भागा और लगभग 200 मीटर तक दौड़ते-दौड़ते गिर पड़ा। आरोप है कि पीछा करने पर असद व अन्य लोगों ने पेट से चाकू निकालकर उस पर और वार किए। गंभीर रूप से जख्मी सूर्या को अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया था। शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान सूर्या ने दम तोड़ दिया।

एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि भाई यश की तहरीर पर बृहस्पतिवार रात को ही असद व अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया था। सूर्या की मौत के बाद आरोपों को हत्या की धाराओं में बदला गया है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। हिंदू संगठनों के पदाधिकारी भी खोड़ा थाना पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। नवनीत विहार की गली नंबर एक और दो में मिश्रित आबादी रहती है और वारदात के बाद दोनों गलियों में सन्नाटा पसरा हुआ है। तनाव के मद्देनज़र पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मकान मालिक विनीत ने बताया कि सूर्या और असद के बीच पहले भी झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों कुछ समय से साथ रहने लगे थे। असद का परिवार पहले उसी गली में रहता था, लेकिन बाद में अलग गली में चला गया। आठ माह पहले हुए विवाद के बाद मामला खत्म हुआ माना गया था, पर असद अक्सर उसी इलाके में दोस्तों के साथ घूमता रहता था।

पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच चल रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिवार और परिचित न्याय व कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *