वैभव सूर्यवंशी पर बोले सचिन तेंदुलकर, ‘वह सचमुच खास है, टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए देखना चाहता हूं’

Sachin Tendulkar on Vaibhav Sooryavanshi: 'He is truly special; I want to see him play Test cricket.'
(Pic credit: Rajasthan Royals/IPL)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 15 वर्षीय युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वैभव एक “वास्तव में विशेष प्रतिभा” हैं और वह भविष्य में उन्हें टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए देखना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि युवा बल्लेबाज को जल्दबाजी में इस प्रारूप में नहीं उतारा जाना चाहिए।

वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया। युवा बल्लेबाज ने पूरे सीजन में 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237.31 का रहा। उन्होंने 72 छक्के जड़कर विश्व रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने उन्हें प्रशंसकों और क्रिकेट विशेषज्ञों का चहेता बना दिया है।

ESPNCricinfo से एक बातचीत के दौरान सचिन तेंदुलकर ने कहा, “हर कोई वैभव सूर्यवंशी की चर्चा कर रहा है और मैंने उनकी बल्लेबाजी देखी है। वह शानदार थी। वह सचमुच बेहद खास खिलाड़ी हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “सिर्फ गेंद को जोर से मारने की क्षमता ही नहीं, बल्कि उनकी कलाई का इस्तेमाल भी मुझे बेहद प्रभावित करता है। मैदान के हर हिस्से में शॉट खेलने के लिए बेहतरीन कलाई की जरूरत होती है। वह सिर्फ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी नहीं कर रहे हैं, बल्कि गेंद की लाइन और लेंथ को बाकी खिलाड़ियों से पहले समझ लेते हैं और आसानी से गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचा देते हैं।”

भारतीय टीम में चयन की उठी मांग

वैभव के शानदार प्रदर्शन के बाद कई क्रिकेट विशेषज्ञ और पूर्व खिलाड़ी उन्हें भारतीय टीम में शामिल करने की मांग कर रहे हैं। हाल ही में कुमार संगकारा ने भी युवा बल्लेबाज का समर्थन करते हुए कहा था कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

इस पर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि वैभव को अपनी स्वाभाविक शैली में खेलने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए।

उन्होंने कहा, “मैं उसे यही सलाह दूंगा कि वह खुद जैसा है, वैसा ही बना रहे। टेस्ट क्रिकेट में उम्र और अनुभव के साथ वह अलग-अलग चुनौतियों का सामना करना सीख जाएगा। क्रिकेट में हर गेंदबाज हर गेंद पर एक सवाल पूछता है और बल्लेबाज को उसका जवाब ढूंढना होता है।”

‘उसकी प्राकृतिक शैली से छेड़छाड़ नहीं होनी चाहिए’

महान बल्लेबाज ने कहा कि वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनका स्वाभाविक खेल है और उसमें किसी तरह का बदलाव करने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा, “वह बहुत आत्मविश्वासी खिलाड़ी नजर आता है और उसे अच्छी तरह पता है कि वह क्या करना चाहता है। मैं उसकी प्राकृतिक प्रवृत्ति के साथ कोई छेड़छाड़ नहीं करना चाहूंगा। जिस तरह वह गेंद को देखता है और उस पर प्रतिक्रिया देता है, अगर बीच में बहुत ज्यादा सलाह और निर्देश दिए गए तो यही उसके लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकती है।”

टेस्ट क्रिकेट में देखने को उत्सुक हैं सचिन

सचिन तेंदुलकर ने कहा कि सिर्फ वह ही नहीं, बल्कि पूरा क्रिकेट जगत भविष्य में वैभव को टेस्ट क्रिकेट खेलते हुए देखना चाहता है।

उन्होंने कहा, “किसी न किसी समय हम सभी उसे टेस्ट क्रिकेट में खेलते देखना चाहेंगे। यह कब होगा, मैं नहीं जानता। लेकिन ऐसी रोमांचक प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलना चाहिए। यदि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहा है तो हमें उसका समर्थन करना चाहिए और उसके खेल का आनंद लेना चाहिए।”

उन्होंने आगे कहा, “लगातार उस पर यह दबाव नहीं डालना चाहिए कि उसे किस टीम में चुना जाए या किस प्रारूप में खेलना चाहिए। यह फैसला चयनकर्ताओं पर छोड़ देना चाहिए।”

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसने भारतीय क्रिकेट को भविष्य का एक बड़ा सितारा दे दिया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि उनका अगला कदम क्या होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *