वैभव सूर्यवंशी की मासूमियत के मुरीद हुए शेखर कपूर, ‘अगर क्रिकेटर नहीं होते तो मैं उन्हें ‘मासूम’ में कास्ट कर लेता’
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: पद्म भूषण से सम्मानित फिल्म निर्देशक शेखर कपूर युवा क्रिकेट सनसनी वैभव सूर्यवंशी की मासूमियत और व्यक्तित्व से इतने प्रभावित हैं कि उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर वैभव क्रिकेटर नहीं होते, तो वह उन्हें अपनी आगामी फिल्म ‘मासूम: द न्यू जेनरेशन’ में कास्ट कर लेते।
रविवार को शेखर कपूर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वैभव सूर्यवंशी की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “अगर सूर्यवंशी इतने शानदार और सनसनीखेज क्रिकेटर नहीं होते, तो मैं उन्हें अपनी फिल्म ‘मासूम’ में कास्ट कर सकता था।”
‘मासूम: द न्यू जेनरेशन’ की तैयारी जारी
शेखर कपूर की आगामी फिल्म ‘मासूम: द न्यू जेनरेशन’ पहचान, परिवार, प्रेम और प्रवासन जैसे विषयों को आधुनिक नजरिए से पेश करेगी। फिल्म में मूल ‘मासूम’ की भावनात्मक गहराई को बरकरार रखते हुए नई पीढ़ी की सोच और चुनौतियों को दिखाया जाएगा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म में नसीरुद्दीन शाह, शबाना आज़मी, मनोज बाजपेयी, नित्या मेनन और कावेरी कपूर जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिलहाल फिल्म प्री-प्रोडक्शन चरण में है और इसकी शूटिंग इस वर्ष के अंत तक शुरू होने की संभावना है।
क्रिकेट जगत का उभरता सितारा हैं वैभव सूर्यवंशी
बिहार के रहने वाले 15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों में गिने जा रहे हैं। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में शानदार प्रदर्शन कर पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा।
वैभव ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 38 गेंदों में 101 रन की विस्फोटक पारी खेलकर आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। उनका शतक महज 35 गेंदों में पूरा हुआ, जो किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाया गया सबसे तेज आईपीएल शतक और टूर्नामेंट के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक था।
इतना ही नहीं, उन्होंने आईपीएल 2025 का सबसे तेज अर्धशतक भी लगाया था, जिसे पूरा करने में उन्हें केवल 17 गेंदें लगी थीं। अपने पहले आईपीएल सीजन में उन्होंने सात पारियों में 252 रन बनाए थे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 200 से अधिक रहा और उन्होंने एक शतक तथा एक अर्धशतक जड़ा।
आईपीएल 2026 में भी जारी रहा धमाकेदार प्रदर्शन
आईपीएल 2025 में मिली सफलता के बाद वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में भी अपनी शानदार फॉर्म बरकरार रखी। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उन्होंने टूर्नामेंट के सबसे सफल बल्लेबाजों में जगह बनाई।
पूरे सीजन में वैभव ने 776 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 237 से अधिक रहा। इस दौरान उन्होंने एक शतक, कई अर्धशतक लगाए और रिकॉर्ड 72 छक्के जड़कर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का परिचय दिया।
महज 15 साल की उम्र में वैभव सूर्यवंशी जिस तरह क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड दर रिकॉर्ड बना रहे हैं, उसे देखकर न सिर्फ क्रिकेट प्रेमी बल्कि फिल्म जगत की हस्तियां भी उनकी प्रतिभा और व्यक्तित्व की प्रशंसा करने से खुद को रोक नहीं पा रही हैं।
