दो आईपीएल जीतने के बाद भी रजत पाटीदार को नहीं मिला टीम इंडिया में मौका, चयन पर अजीत अगरकर ने दिया बड़ा बयान
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन कई बार बेहतरीन प्रदर्शन के बावजूद खिलाड़ियों को टीम में जगह नहीं मिल पाती। ऐसा ही कुछ हुआ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के कप्तान रजत पाटीदार के साथ, जिन्होंने लगातार दो आईपीएल खिताब दिलाने के बावजूद भारतीय टी20 टीम में जगह नहीं बना सके।
बीसीसीआई चयन समिति ने आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज तथा एशियन गेम्स के लिए टीम का ऐलान किया, लेकिन रजत पाटीदार का नाम एक बार फिर चयनकर्ताओं की सूची से गायब रहा।
इस फैसले के बाद जब बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से रजत पाटीदार को नजरअंदाज करने के बारे में सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि टीम में केवल 15 खिलाड़ियों को ही शामिल किया जा सकता है और कई योग्य खिलाड़ी बाहर रह जाते हैं।
अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “हमने कई खिलाड़ियों पर चर्चा की। हमें लगता है कि ये 15 खिलाड़ी चयन के हकदार हैं। भारत में बहुत सारे अच्छे खिलाड़ी हैं। कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो टीम में जगह पाने के योग्य हैं, लेकिन जो खिलाड़ी अभी खेल रहे हैं, वे भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हमें लगता है कि हमने एक संतुलित और मजबूत टीम चुनी है। हमेशा कुछ खिलाड़ी चयन से बाहर रहेंगे, लेकिन हम इस टीम से संतुष्ट हैं।”
अगर आईपीएल 2026 में रजत पाटीदार के प्रदर्शन की बात करें, तो उन्होंने 501 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 192.69 रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 30 चौके और 42 छक्के लगाए। खासकर मध्य ओवरों और डेथ ओवरों में उनकी बल्लेबाजी बेहद विस्फोटक रही।
12वें से 16वें ओवर के बीच पाटीदार ने 216.67 के स्ट्राइक रेट से 234 रन बनाए, जबकि अंतिम चार ओवरों में उनका स्ट्राइक रेट 278.57 तक पहुंच गया।
इसके बावजूद चयनकर्ताओं ने नंबर-4 और नंबर-5 की भूमिका के लिए तिलक वर्मा और शिवम दुबे पर भरोसा जताया। ऐसे में रजत पाटीदार का टीम से बाहर रहना क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का बड़ा विषय बना हुआ है।
अब देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले घरेलू और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन कर पाटीदार चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर खींच पाते हैं या नहीं।
