अफ़गानिस्तान के हिंदू कुश इलाके में 6.2 तीव्रता का भूकंप, उत्तर-पश्चिम भारत और पाकिस्तान तक धरती हिली
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: शुरुआती भूकंप रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार शाम को अफ़गानिस्तान के हिंदू कुश इलाके में 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। यह भूकंप भारतीय समयानुसार शाम 7:04 बजे 215 किलोमीटर की गहराई पर आया और इसके झटके पाकिस्तान और दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और उत्तर भारत के कई अन्य राज्यों में भूकंप के तेज़ झटके महसूस किए गए। फिलहाल किसी के हताहत होने या नुकसान की कोई खबर नहीं है।
भूकंप का केंद्र उत्तर-पूर्वी अफ़गानिस्तान में कलाफगन से लगभग 81 किलोमीटर दूर था। इसके झटके अफ़गानिस्तान, पाकिस्तान, भारत, चीन, ताजिकिस्तान, उज़्बेकिस्तान, किर्गिस्तान और तुर्कमेनिस्तान में महसूस किए गए।
काफी गहराई पर होने के कारण इसके झटके एक बड़े भौगोलिक क्षेत्र में महसूस किए गए, हालांकि आम तौर पर इतनी गहराई वाले भूकंपों से ज़मीन की सतह पर बहुत ज़्यादा नुकसान होने की संभावना कम होती है।
भूकंप की गतिविधियों पर नज़र रखने वाली भारत सरकार की नोडल एजेंसी, नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र अफ़गानिस्तान में था और रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.2 थी।
एजेंसी ने X पर लिखा, “भूकंप की तीव्रता: 6.2, समय: 27/06/2026 19:04:51 IST, अक्षांश: 36.442 N, देशांतर: 70.672 E, गहराई: 215 किमी, स्थान: अफ़गानिस्तान।”
यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे के अनुसार, भूकंप उत्तर-पूर्वी अफ़गानिस्तान के जुर्म से 43 किमी दक्षिण में आया। इन झटकों से राजधानी के कुछ इलाकों में अफ़रा-तफ़री मच गई और लोग अपने घरों व दफ़्तरों से बाहर निकल आए। यह भूकंप वेनेज़ुएला में आए दो भूकंपों के कुछ ही दिनों बाद आया है, जिनमें 920 लोगों की मौत हो गई थी और हज़ारों लोग घायल हो गए थे।
बुधवार शाम एक मिनट के अंतराल पर दो ज़बरदस्त भूकंप आए, जिससे दक्षिण अमेरिकी देश में इमारतें ढह गईं। संयुक्त राष्ट्र के सहायता प्रमुख टॉम फ्लेचर ने AFP को बताया कि 50,000 से ज़्यादा लोग लापता हैं।
