बेटियों पर ट्रोलिंग से भड़कीं खुशबू सुंदर, बोलीं- ‘मेरी चुप्पी को कमजोरी मत समझना’
चिरौरी न्यूज
चेन्नई: अभिनेत्री और राजनेता खुशबू सुंदर ने अपनी बेटियों अवंतिका और आनंदिता को सोशल मीडिया पर उनके लुक्स को लेकर ट्रोल किए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया है। हाल ही में आनंदिता की शादी के बाद सोशल मीडिया पर दोनों बहनों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं, जिसके बाद खुशबू ने एक लंबा पोस्ट साझा कर ट्रोल्स को करारा जवाब दिया।
खुशबू ने कहा कि उनकी चुप्पी को उनकी मजबूरी या सहमति न समझा जाए। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह अपनी बेटियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए पोस्ट में खुशबू ने लिखा, “यह मेरा परिवार है, जो प्यार, भरोसे और आपसी समझ से बना है। हमने यहां तक पहुंचने के लिए कड़ी मेहनत की है, संघर्ष किया है और कई मुश्किलों का सामना किया है। कई बार गिरे भी, लेकिन हर बार मजबूती से वापस खड़े हुए।”
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी बेटियों की परवरिश बेहद सादगी और अच्छे संस्कारों के साथ की है।
“हमने कभी अपनी बेटियों को इस बात का फायदा उठाने नहीं दिया कि वे सेलिब्रिटी की बेटियां हैं। उन्होंने हमेशा अपनी पहचान खुद बनाने की कोशिश की है और हमें उन पर बेहद गर्व है।”
‘बेटियों का अपमान बर्दाश्त नहीं करूंगी’
खुशबू ने ट्रोल्स को चेतावनी देते हुए लिखा, “एक मां होने के नाते मैं किसी भी व्यक्ति को अपनी बेटियों का अपमान करने या दो मिनट की सस्ती लोकप्रियता के लिए उनका इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दूंगी। ऐसे लोगों की सोच बेहद घटिया है और यह उनके संस्कारों को दिखाती है। मैं चाहूं तो उन्हें उसी भाषा में जवाब दे सकती हूं, लेकिन ऐसा करके मैं अपनी मां के दिए संस्कारों का अपमान नहीं करूंगी।”
उन्होंने उन यूट्यूबर्स और कंटेंट क्रिएटर्स पर भी निशाना साधा, जो उनके परिवार को लेकर वीडियो बनाकर व्यूज और लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं।
खुशबू की छोटी बेटी आनंदिता सुंदर, जो आगामी तमिल फिल्म ‘डबल ऑक्यूपेंसी’ में क्रिएटिव प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुकी हैं, ने हाल ही में मर्चेंट नेवी अधिकारी श्रवण श्रीनिवासन से शादी की। शादी में परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे।
राधिका सरथकुमार ने भी किया समर्थन
अभिनेत्री राधिका सरथकुमार ने भी खुशबू और उनकी बेटियों के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किया। उन्होंने ऑनलाइन ट्रोलिंग की कड़ी आलोचना करते हुए लिखा,
“अभिव्यक्ति की आजादी का मतलब किसी को बुली करना नहीं है। आलोचना और क्रूरता में फर्क होता है। किसी सार्वजनिक व्यक्ति की बेटियों का मजाक उड़ाना हास्य नहीं, बल्कि कायरता है। किसी की खूबसूरती उसकी उपलब्धि या असफलता नहीं होती, बल्कि उसका चरित्र सबसे बड़ी पहचान है। मैं खुशबू और उनकी बेटियों के साथ खड़ी हूं और इस तरह की मानसिकता की निंदा करती हूं।”
उन्होंने आगे लिखा कि किसी महिला की आलोचना की जा सकती है, लेकिन उसके बच्चों को निशाना बनाना समाज की सोच पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
गौरतलब है कि पिछले महीने एक पॉडकास्ट में आनंदिता सुंदर ने खुलासा किया था कि उन्हें बचपन से ही सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि कई लोग उनके लुक्स का मजाक उड़ाते हुए उनकी तुलना ट्रांसजेंडर व्यक्ति से करते थे। आनंदिता ने कहा था कि ऐसी टिप्पणियां लोगों की अज्ञानता और पूर्वाग्रह को दर्शाती हैं, लेकिन उन्होंने समय के साथ इन आलोचनाओं का डटकर सामना करना सीख लिया।
