राम चरण की कलाई की सफल सर्जरी, डॉक्टरों ने 8 हफ्ते आराम की दी सलाह
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: साउथ सुपरस्टार राम चरण की शूटिंग के दौरान घायल हुई कलाई की रविवार को कोयंबटूर के एक अस्पताल में सफल सर्जरी की गई। फिलहाल अभिनेता की हालत स्थिर है और वह तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं।
अस्पताल प्रशासन ने राम चरण की अस्पताल के बिस्तर पर बैठी एक तस्वीर जारी की, जिसमें उनकी कलाई पर पट्टी बंधी दिखाई दे रही है। अस्पताल की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हमारे प्रिय राम चरण की कोयंबटूर में अनुभवी मेडिकल टीम की देखरेख में कलाई की सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुई है। पूरी तरह स्वस्थ होने के लिए डॉक्टरों ने उन्हें 8 सप्ताह आराम और नियमित फिजियोथेरेपी की सलाह दी है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं और उन्हें जल्द ही फिर से काम करते हुए देखने का इंतजार कर रहे हैं।”
जानकारी के अनुसार, 39 वर्षीय राम चरण अपनी आगामी फिल्म ‘पेद्दी’ की शूटिंग के दौरान एक एक्शन सीन फिल्माते समय कलाई में चोटिल हो गए थे। शुरुआती मेडिकल जांच के बाद डॉक्टरों ने बेहतर रिकवरी और भविष्य में किसी भी तरह की जटिलता से बचने के लिए सर्जरी कराने की सलाह दी।
इलाज के दौरान राम चरण के साथ उनकी मां सुरेखा, पिता और मेगास्टार चिरंजीवी तथा पत्नी उपासना कोनिडेला भी मौजूद रहीं। गंगा हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. एस. राजशेखरन ने पूरी प्रक्रिया की निगरानी की। वहीं, चोट की गंभीरता को देखते हुए मियामी के प्रसिद्ध हैंड और रिस्ट स्पेशलिस्ट डॉ. एलेजांद्रो बडिया भी सर्जरी टीम में शामिल हुए। डॉ. राजशेखरन, डॉ. बडिया और डॉ. प्रवीण भारद्वाज ने अपनी विशेषज्ञ टीम के साथ मिलकर सफल ऑपरेशन किया।
वर्क फ्रंट की बात करें तो राम चरण इन दिनों निर्देशक बुची बाबू सना की फिल्म ‘पेद्दी’ को लेकर चर्चा में हैं। इस स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा में जाह्नवी कपूर मुख्य अभिनेत्री हैं, जबकि जगपति बाबू, राव रमेश, टिन्नू आनंद, बोमन ईरानी, रवि किशन और दिव्येंदु भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। फिल्म की कहानी ग्रामीण परिवेश में एक ऐसे युवा के संघर्ष पर आधारित है, जो अपने सपनों और अपने लोगों के लिए हर चुनौती का डटकर सामना करता है। यह फिल्म फिलहाल नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।
