अदाणी एंटरप्राइजेज का रिकॉर्ड प्रदर्शन, पहली तिमाही में EBITDA 49% बढ़कर ₹5,642 करोड़ पहुंचा
चिरौरी न्यूज
अहमदाबाद: अदाणी समूह की प्रमुख कंपनी अदाणी एंटरप्राइजेज लिमिटेड (AEL) ने वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही (Q1 FY27) में अब तक का सबसे अधिक तिमाही EBITDA दर्ज किया है। कंपनी ने बुधवार को बताया कि अप्रैल-जून तिमाही में उसका EBITDA सालाना आधार पर 49% बढ़कर ₹5,642 करोड़ हो गया।
कंपनी की कुल आय भी 50% की वृद्धि के साथ ₹33,546 करोड़ रही। अदाणी एंटरप्राइजेज के अनुसार, इस तिमाही में ऑफैक सेटलमेंट (OFAC settlement) को छोड़कर लाभ से पहले कर (PBT) ₹1,295 करोड़ रहा।
कंपनी ने बताया कि इस दौरान अदाणी एयरपोर्ट्स का EBITDA 49% बढ़कर ₹1,633 करोड़ हो गया। तिमाही के नतीजे कंपनी के विविध कारोबार पोर्टफोलियो की मजबूती को दर्शाते हैं, जिसमें स्थापित और नए विकसित हो रहे व्यवसाय शामिल हैं।
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, “अदाणी एंटरप्राइजेज ने वित्त वर्ष 2027 की शुरुआत बेहद मजबूत प्रदर्शन के साथ की है। कंपनी ने ₹5,642 करोड़ का अब तक का सबसे बड़ा तिमाही EBITDA हासिल किया है, जो हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर और नए व्यवसाय प्लेटफॉर्म की बढ़ती क्षमता और परिपक्वता को दर्शाता है।”
उन्होंने कहा कि नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय परिचालन की शुरुआत, गंगा एक्सप्रेसवे पर टोल संग्रह शुरू होना, सोलर मॉड्यूल क्षमता का विस्तार और बड़े हाइपरस्केल डेटा सेंटर ऑर्डर कंपनी की विकास यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं।
गौतम अदाणी ने यह भी कहा कि कंपनी द्वारा जुटाया गया ₹15,000 करोड़ का क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) रणनीति और क्रियान्वयन क्षमता पर संस्थागत निवेशकों के भरोसे को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरतों को देखते हुए कंपनी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी व्यवसाय बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।
कॉपर कारोबार और नए प्रोजेक्ट्स से मिला फायदा
कंपनी ने बताया कि क्षमता विस्तार के साथ उसके कॉपर कारोबार ने तिमाही में ₹749 करोड़ का EBITDA योगदान दिया। अदाणी न्यू इंडस्ट्रीज ने इस तिमाही में 1.7 गीगावाट (GW) की नई मॉड्यूल उत्पादन लाइन शुरू की। वहीं, नवी मुंबई एयरपोर्ट ने 15 जुलाई से अंतरराष्ट्रीय परिचालन शुरू कर दिया।
इसके अलावा कंपनी के गंगा एक्सप्रेसवे प्रोजेक्ट पर 15 मई से टोल संग्रह शुरू हो गया है। अदाणी एंटरप्राइजेज ने कहा कि अनुशासित निवेश चक्र के माध्यम से मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर प्लेटफॉर्म तैयार करने के बाद अब कंपनी उस चरण में प्रवेश कर रही है, जहां उसकी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग और परिचालन दक्षता शेयरधारकों के लिए महत्वपूर्ण वित्तीय परिणामों में बदलने की क्षमता रखती है।
