सावन में मंदिर पहुंचीं भूमि पेडनेकर, काला चश्मा पहनकर पूजा करने पर सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
चिरौरी न्यूज
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री भूमि पेडनेकर हाल ही में अपने एक मंदिर दौरे को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गईं। सावन महीने के दौरान भगवान शिव की पूजा करते हुए उनकी तस्वीरें और वीडियो वायरल हुए, लेकिन पूजा के दौरान काला चश्मा पहनने को लेकर कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए।
भूमि ने गुरुवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर मंदिर यात्रा की तस्वीरें और एक वीडियो साझा किया। वीडियो में वह शिवलिंग पर जल चढ़ाते हुए नजर आ रही हैं। इस दौरान उन्होंने काले रंग का टॉप, नीली डेनिम जींस और काला चश्मा पहन रखा था।
पोस्ट के कैप्शन में भूमि ने लिखा, “सावन की शुरुआत पर मैं आसान जिंदगी की प्रार्थना नहीं करती, बल्कि उसे गरिमा के साथ जीने की शक्ति मांगती हूं। हर हर महादेव।” भूमि की भक्ति और सावन के दौरान मंदिर जाने की कई लोगों ने तारीफ की, लेकिन कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने पूजा के समय चश्मा पहनने को लेकर आपत्ति जताई।
एक यूजर ने लिखा, “चश्मा उतारकर पूजा कर सकते थे?” वहीं, दूसरे यूजर ने टिप्पणी की, “कम से कम चश्मा तो उतार लेते।” एक अन्य यूजर ने लिखा, “कभी किसी को चश्मा पहनकर पूजा करते नहीं देखा।” कुछ लोगों ने कहा कि भगवान की पूजा करते समय चेहरे पर लगे चश्मे को हटाना चाहिए और इसे सम्मान से जोड़कर देखा।
भूमि के काम की बात करें तो
वर्क फ्रंट पर भूमि पेडनेकर जल्द ही ऐतिहासिक फिल्म ‘द प्राइड ऑफ भारत: छत्रपति शिवाजी महाराज’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में वह बेलवाड़ी मल्लम्मा का किरदार निभाएंगी, जो बेलवाड़ी की वीर योद्धा रानी के रूप में जानी जाती हैं।
फिल्म में कन्नड़ अभिनेता ऋषभ शेट्टी छत्रपति शिवाजी महाराज की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा अर्जुन रामपाल और विवेक ओबेरॉय भी अहम किरदारों में नजर आएंगे। इस दो भागों वाली ऐतिहासिक फिल्म का निर्देशन संदीप सिंह कर रहे हैं।
