‘रामायण’ के ट्रेलर के बाद साई पल्लवी की सीता भूमिका पर बहस
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ का पहला ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि इस बार चर्चा फिल्म के वीएफएक्स या भव्यता को लेकर नहीं, बल्कि अभिनेत्री साई पल्लवी द्वारा निभाए जा रहे माता सीता के किरदार को लेकर हो रही है।
ट्रेलर में रणबीर कपूर को भगवान राम, साई पल्लवी को माता सीता और यश को रावण के किरदार में पहली बार विस्तार से दिखाया गया। 30 जुलाई को रिलीज हुए ट्रेलर के बाद सोशल मीडिया पर साई पल्लवी की भूमिका और उनके लुक को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
साई पल्लवी के लुक पर छिड़ी बहस
एक सोशल मीडिया यूजर ने साई पल्लवी के सीता किरदार की तुलना फिल्म में शूर्पणखा का किरदार निभा रहीं रकुल प्रीत सिंह से करते हुए सवाल उठाया कि क्या साई पल्लवी इस भूमिका के लिए पारंपरिक सौंदर्य मानकों पर खरी उतरती हैं।
इस पोस्ट के बाद साई पल्लवी के प्रशंसकों ने इसका विरोध किया। कई यूजर्स ने कहा कि माता सीता के किरदार को केवल बाहरी सुंदरता के आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए। एक यूजर ने लिखा कि रामायण में शूर्पणखा को रूप बदलने वाली राक्षसी बताया गया है, इसलिए दोनों किरदारों की सुंदरता की तुलना करना उचित नहीं है। वहीं, एक अन्य यूजर ने साई पल्लवी की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “साई पल्लवी माता सीता के किरदार में बेहद अच्छी लग रही हैं।”
सीता के लिए जरूरी है गरिमा और भाव
कई प्रशंसकों ने कहा कि माता सीता के किरदार में केवल सुंदरता नहीं, बल्कि धैर्य, गरिमा, करुणा और आत्मविश्वास जैसे गुण भी महत्वपूर्ण हैं। एक यूजर ने लिखा, “अगर आप मां सीता के सार को नहीं समझते तो आप केवल बाहरी चीजों पर ध्यान दे रहे हैं। सीता के किरदार में गरिमा, सौम्यता और गर्मजोशी की जरूरत है, जिसे साई पल्लवी ने बखूबी निभाया है। अभिनय भी मायने रखता है।”
कई लोगों ने साई पल्लवी की प्राकृतिक सुंदरता और सहज अभिनय की तारीफ करते हुए कहा कि वह इस भूमिका के लिए सही चुनाव हैं।
कुछ लोगों ने उठाए सवाल
हालांकि कुछ दर्शकों ने साई पल्लवी की कास्टिंग पर सवाल भी उठाए। एक यूजर ने लिखा कि माता सीता के रूप में उनकी कल्पना पारंपरिक छवि से अलग है। इस पर जवाब देते हुए कई लोगों ने कहा कि सुंदरता व्यक्तिगत नजरिए पर निर्भर करती है और किसी एक तय चेहरे को ही पौराणिक किरदारों के लिए जरूरी नहीं माना जा सकता।
साई पल्लवी को लेकर शुरू हुई चर्चा अब सिर्फ उनकी सुंदरता तक सीमित नहीं रही है। यह बहस इस बात पर भी केंद्रित हो गई है कि दर्शक पौराणिक पात्रों को किस तरह देखना चाहते हैं।
कुछ लोगों का मानना है कि धार्मिक ग्रंथों, पुराने चित्रों और फिल्मों में माता सीता की जो छवि बनी है, दर्शक उसी आधार पर नई प्रस्तुतियों को देखते हैं।
वहीं, दूसरे पक्ष का कहना है कि किसी किरदार की पहचान केवल शारीरिक सुंदरता से तय नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार साई पल्लवी का सरल रूप, भावनात्मक अभिव्यक्ति और सहज अभिनय ही उन्हें इस भूमिका के लिए उपयुक्त बनाता है।
ट्रेलर में दिखा साई पल्लवी का अलग अंदाज
ट्रेलर में साई पल्लवी का सीता रूप अपेक्षाकृत सादगी भरा नजर आता है। उनके लुक में भव्यता से ज्यादा शालीनता, संवेदनशीलता और गरिमा पर ध्यान दिया गया है।ट्रेलर में उन्हें राम के साथ विवाह के दृश्य और वनवास के दौरान के प्रसंगों में दिखाया गया है। एक दृश्य में उन्हें हथियार उठाते हुए भी दिखाया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि फिल्म में सीता के व्यक्तित्व के मजबूत पहलू को भी दिखाया जा सकता है। साई पल्लवी के हिंदी संवादों को लेकर भी दर्शकों ने प्रतिक्रिया दी है। कई लोगों ने उनके संवाद बोलने के तरीके की सराहना की है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण, सनी देओल हनुमान, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, लारा दत्ता कैकेयी, शीबा चड्ढा मंथरा और शोभना कैकसी के किरदार में नजर आएंगी। ‘रामायण: पार्ट 1’ इस साल दिवाली पर रिलीज होने वाली है।
