‘मैं पहले मॉडरेट हिंदू थी, अब जागृत हिंदू बनना चाहती हूं’, कंगना रनौत का बड़ा बयान
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने एक बार फिर अपने बेबाक बयान से सुर्खियां बटोरी हैं। कंगना ने कहा कि वह पहले खुद को “मॉडरेट हिंदू” मानती थीं, लेकिन अब वह “जागृत हिंदू” बनना चाहती हैं और भारतीय जनता पार्टी (BJP) तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की विचारधारा को अपनाना चाहती हैं।
‘मैं संघी बनना चाहती हूं’
इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में कंगना रनौत ने कहा, “मुझसे पूछा जाता है कि मैं कब से संघी बन गई। मैं कहना चाहती हूं कि मैं संघी बनना चाहती हूं। मैं बीजेपी और आरएसएस की विचारधारा के अनुसार एक जागृत हिंदू बनना चाहती हूं। मैं उस रास्ते पर चलना चाहती हूं।”
कंगना ने कहा कि उन्होंने कई युवाओं के साथ बातचीत की है और उनका मानना है कि शुरुआत में अधिकांश युवा राजनीति और धर्म को लेकर तटस्थ रहते हैं। उन्होंने कहा, “मैंने देखा है कि कई युवा हिंदू होते हैं, लेकिन राजनीति और धर्म को लेकर उनकी कोई स्पष्ट विचारधारा नहीं होती। समय के साथ अलग-अलग विचारधाराओं के संपर्क में आने पर उनकी सोच बदल जाती है।”
कंगना ने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को अपनी पसंद की विचारधारा या धर्म चुनने की स्वतंत्रता देता है और यही अधिकार हिंदू महिलाओं को भी मिलना चाहिए। उन्होंने कहा, “आप किसी भी धर्म या विचारधारा को अपना सकते हैं। मैं अपने अतीत का बचाव नहीं करूंगी। हां, मैं पहले मॉडरेट हिंदू थी, लेकिन आज मैं एक स्पष्ट और जागृत हिंदू बनना चाहती हूं।”
अपने पुराने जीवन का जिक्र करते हुए कंगना ने कहा, “मैं पहले पार्टी भी करती थी और बहुत कुछ करती थी। लेकिन आज मैं बदलना चाहती हूं। मैं एक स्पष्ट सोच और अनुशासित जीवन जीने वाली जागृत हिंदू बनना चाहती हूं। आखिर यह रास्ता मेरे लिए बंद क्यों हो?”
कंगना रनौत के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक नई बहस शुरू हो गई है। उनके समर्थक इसे उनकी व्यक्तिगत विचारधारा और पसंद का अधिकार बता रहे हैं, जबकि आलोचक उनके बयान को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
