उदयनिधि स्टालिन की गिरफ्तारी पर मद्रास हाईकोर्ट का बड़ा आदेश, आज ही पुलिस स्टेशन से बेल देने का निर्देश
चिरौरी न्यूज
चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को एक विवादित टिप्पणी के मामले में गिरफ्तार किए जाने के कुछ ही घंटों बाद मद्रास हाईकोर्ट ने पुलिस को उन्हें उसी दिन स्टेशन बेल (थाने से जमानत) पर रिहा करने का निर्देश दिया।
यह मामला उस बयान से जुड़ा है, जो उदयनिधि स्टालिन ने कावेरी जल विवाद को लेकर मुख्यमंत्री विजय पर निशाना साधते हुए एक जनसभा में दिया था। इस दौरान भीड़ ने अभिनेत्री त्रिशा का नाम लेकर नारे लगाए, जिसके जवाब में उदयनिधि की कथित टिप्पणी को कई लोगों ने दोहरे अर्थ वाला और अभिनेत्री त्रिशा की ओर इशारा करने वाला बताया। इस बयान की तमिलनाडु के विभिन्न राजनीतिक दलों ने आलोचना की है।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
टीवीके (TVK) की तंजावुर केंद्रीय जिला महिला विंग की संयोजक एस. बैरवी ने तंजावुर ईस्ट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उदयनिधि ने महिलाओं का अपमान किया, अभिनेत्री त्रिशा की गरिमा को ठेस पहुंचाई और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना का वीडियो साझा कर सार्वजनिक अशांति फैलाने की कोशिश की गई।
पुलिस के चेन्नई स्थित नीलांकरई आवास पहुंचने के तुरंत बाद उदयनिधि स्टालिन की ओर से अग्रिम जमानत याचिका दायर की गई। सुनवाई के दौरान तमिलनाडु के महाधिवक्ता विजय नारायण ने मद्रास हाईकोर्ट को बताया कि तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का कोई इरादा नहीं है। पुलिस केवल उनसे पूछताछ करना चाहती है और उसके बाद स्टेशन बेल पर रिहा करेगी।
कई धाराओं में मामला दर्ज
उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ अश्लील शब्दों के इस्तेमाल, महिला की गरिमा का अपमान, वैमनस्य फैलाने, दंगा भड़काने की मंशा और आपराधिक धमकी जैसी विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। उदयनिधि की गिरफ्तारी के बाद तमिलनाडु में डीएमके कार्यकर्ताओं ने कई जगह सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन किए। वहीं, डीएमके अध्यक्ष एम.के. स्टालिन ने पार्टी मुख्यालय में बैठक कर आगामी विधानसभा सत्र से पहले रणनीति पर चर्चा की।
उदयनिधि ने क्या कहा?
गिरफ्तारी के दौरान मीडिया से बातचीत में उदयनिधि स्टालिन ने कहा, “फैसला अदालत करेगी। मैंने मुख्यमंत्री के अलावा किसी का नाम नहीं लिया। फिर ऐसा क्यों हो रहा है? इसका फैसला कोर्ट करेगी।”
इस बीच टीवीके ने इस मामले को लेकर अपना विरोध और तेज कर दिया। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पाझा सेल्वाकुमार ने नई दिल्ली में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) को शिकायत सौंपते हुए उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ नोटिस जारी करने और उनसे बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की है।
