BCCI में बड़े बदलाव के संकेत! रोहित शर्मा के मुद्दे पर अजीत अगरकर की नौकरी पर खतरा

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर का कार्यकाल अगले एक महीने में समाप्त हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, बोर्ड के शीर्ष अधिकारी उनकी जगह राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस), बेंगलुरु के प्रमुख और पूर्व भारतीय बल्लेबाज़ VVS लक्ष्मण को यह जिम्मेदारी सौंपने पर विचार कर रहे हैं।
अगरकर का मूल कार्यकाल जून 2026 में समाप्त होना था, लेकिन BCCI ने उन्हें तीन महीने का विस्तार दिया था। माना जा रहा था कि बोर्ड उन्हें एक और एक्सटेंशन देगा, जिससे वह 2027 वनडे विश्व कप तक मुख्य चयनकर्ता बने रहेंगे। हालांकि, हाल के घटनाक्रमों ने स्थिति बदल दी है।
रोहित शर्मा के भविष्य पर बढ़ी खींचतान
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से भारतीय वनडे टीम में कप्तान रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर चयन समिति और टीम मैनेजमेंट के बीच लगातार चर्चा चल रही है।
बताया गया कि इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज़ को रोहित का आखिरी वनडे असाइनमेंट माना जा रहा था। ‘दैनिक जागरण’ की रिपोर्ट के मुताबिक, अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति ने मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट के साथ इस विषय पर बातचीत भी की थी कि आगे की योजनाओं में रोहित को शामिल न किया जाए।
हालांकि, घटनाक्रम ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब खबरें सामने आईं कि लॉर्ड्स में भारत और इंग्लैंड के बीच खेला गया तीसरा वनडे रोहित शर्मा का आखिरी मैच हो सकता है। इस मुकाबले में रोहित ने शानदार शतक जड़कर न सिर्फ टीम को मजबूती दी, बल्कि अपने भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर भी सवाल खड़े कर दिए। उनकी इस पारी के बाद चयन समिति और टीम मैनेजमेंट दोनों असहज स्थिति में दिखाई दिए।
BCCI सचिव के बयान से बढ़ी चर्चा
तीसरे वनडे से पहले रोहित के भविष्य को लेकर आई खबरों के बीच BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने एक आधिकारिक बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि “रोहित शर्मा तब तक भारतीय टीम का हिस्सा रहेंगे, जब तक वह टीम की योजनाओं में फिट बैठते हैं।”
रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि यह बयान मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से चर्चा किए बिना जारी किया गया था, जिससे बोर्ड के भीतर मतभेदों की अटकलों को और बल मिला। सूत्रों के हवाले से यह भी कहा जा रहा है कि भारतीय टीम के कामकाज से जुड़े कुछ अधिकारी नहीं चाहते कि रोहित शर्मा 2027 वनडे विश्व कप तक टीम का हिस्सा बने रहें। हालांकि, इस संबंध में BCCI की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
समीक्षा बैठक अब तक नहीं हुई
इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर भारत के दस में से आठ मैच हारने के बाद BCCI ने टीम के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए एक अहम बैठक बुलाने की योजना बनाई थी। यह बैठक इंग्लैंड दौरे के तुरंत बाद होनी थी, लेकिन अब तक आयोजित नहीं हो सकी है।
दिलचस्प बात यह है कि समीक्षा बैठक से पहले ही भारतीय टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ खेलने के लिए श्रीलंका रवाना हो चुकी है। ऐसे में टीम के प्रदर्शन और भविष्य की रणनीति को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। फिलहाल BCCI की ओर से चयन समिति में बदलाव या अजीत अगरकर के भविष्य को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
