शादी से पहले मां बनना चाहती हैं आम्रपाली दुबे, बेटी गोद लेने की जताई इच्छा

Amrapali Dubey wants to become a mother before marriage; expresses desire to adopt a daughterचिरौरी न्यूज

मुंबई: भोजपुरी सिनेमा की सुपरस्टार आम्रपाली दुबे ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर बड़ा खुलासा किया है। 39 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता शादी नहीं, बल्कि मां बनना है। उन्होंने बताया कि वह शादी से पहले एक बेटी को गोद लेना चाहती हैं और यह फैसला उन्होंने काफी सोच-विचार के बाद लिया है।

आम्रपाली ने यह बात भोजपुरी सेलिब्रिटी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ के ताजा एपिसोड में अपने करीबी दोस्त और सह-कलाकार दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ के साथ बातचीत के दौरान कही।

“मैं एक बेटी गोद लेना चाहती हूं”

बातचीत में आम्रपाली ने कहा कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं है, बल्कि बचपन से ही उनके मन में मां बनने की इच्छा रही है। उन्होंने कहा, “मैंने इस बारे में बहुत सोचा है और अब तय कर लिया है कि मैं एक बेटी को गोद लेना चाहती हूं। बचपन से ही जब भी किसी बच्चे को देखती थी, उसे गोद में उठाकर प्यार करने का मन करता था। अपने रिश्तेदारों के बच्चों के साथ समय बिताते हुए मुझे हमेशा उनकी देखभाल करने की इच्छा होती है। मैं डायपर बदलना भी जानती हूं और बच्चे की हर जिम्मेदारी निभा सकती हूं।”

आम्रपाली ने आगे कहा कि पहले उन्हें लगता था कि यह सिर्फ एक भावनात्मक एहसास है, लेकिन समय के साथ उन्हें समझ आया कि यह उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी इच्छा है। “मेरे अंदर जो प्यार और ममता है, उसे मैं किसी बच्चे के साथ साझा करना चाहती हूं। मां बनना मेरी जिंदगी का सपना है और मैं इसके लिए पूरी तरह तैयार हूं।”

अभिनेत्री ने स्पष्ट कहा कि उनके लिए मातृत्व किसी भी चीज से ज्यादा महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “मेरी जिंदगी में बाकी सब चीजों पर समझौता हो सकता है, लेकिन मां बनने की इच्छा पर नहीं। मैं अपने जीवन में एक बच्चा जरूर चाहती हूं।”

बच्चे के लिए करियर में करेंगी बदलाव

इस दौरान निरहुआ ने आम्रपाली से पूछा कि क्या वह अपने व्यस्त करियर के साथ बच्चे की जिम्मेदारी संभाल पाएंगी। उन्होंने याद दिलाया कि आम्रपाली इस समय भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे सफल अभिनेत्रियों में से एक हैं और लगातार काम कर रही हैं।

इस पर आम्रपाली ने कहा कि उन्होंने इस पहलू पर भी पूरी तरह विचार किया है। उन्होंने कहा, “जब मेरी जिंदगी में बच्चा आएगा तो उसकी पढ़ाई और बाकी जिम्मेदारियां भी होंगी। इसलिए मैं चुनिंदा प्रोजेक्ट्स ही करूंगी ताकि अपने बच्चे को पूरा समय दे सकूं। मुझे अपने परिवार के सहयोग की भी उम्मीद रहेगी, क्योंकि अकेले बच्चे की परवरिश करना आसान नहीं होता।”

“शादी बाद में भी हो सकती है”

जब निरहुआ ने पूछा कि क्या उन्होंने अपने परिवार से इस बारे में बात की है, तो आम्रपाली ने स्वीकार किया कि अभी तक उन्होंने यह फैसला घरवालों के साथ साझा नहीं किया है।

उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “यही बात मुझे सबसे ज्यादा डराती है कि परिवार को कैसे बताऊं।” निरहुआ ने मजाक में कहा कि परिवार पहले उनकी शादी करवाना चाहेगा। इस पर आम्रपाली ने भी सहमति जताई, लेकिन साफ कर दिया कि उनकी प्राथमिकताएं अलग हैं। उन्होंने कहा, “मेरी पहली प्राथमिकता बच्चा है। शादी बाद में भी हो सकती है। मैं मां बनना चाहती हूं और यह मेरा अंतिम फैसला है।”

आम्रपाली दुबे भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं। उन्हें ‘यूट्यूब क्वीन’ के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि उनके गाने करोड़ों बार देखे जाते हैं। उन्होंने साल 2014 में ‘निरहुआ हिंदुस्तानी’ से भोजपुरी फिल्मों में डेब्यू किया था। इसके बाद वह ‘राजा बाबू’, ‘बॉर्डर’, ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 2’ और ‘लल्लू की लैला’ जैसी कई सफल फिल्मों में निरहुआ के साथ नजर आ चुकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *