‘ये बहुत सख्त इंसान हैं…’, डोनाल्ड ट्रंप ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘बहुत सख्त इंसान’ (Tough Guy) बताया है। मंगलवार को फिलीपींस में आयोजित क्वाड नेताओं के शिखर सम्मेलन के दौरान ट्रंप ने पीएम मोदी की ओर इशारा करते हुए कहा, “ये बहुत सख्त इंसान हैं।” इसके बाद उन्होंने जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की ओर इशारा करते हुए कहा कि वह शायद पीएम मोदी से भी ज्यादा सख्त हैं।
क्वाड के अन्य नेताओं- पीएम मोदी, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए ट्रंप ने चारों देशों के बीच मजबूत रिश्तों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “इन लोगों और इन देशों के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं। शुरुआत से ही ऐसा रहा है। मैं इन तीनों के साथ लंबे समय से जुड़ा हूं। ये सभी शानदार लोग हैं और मेरे दोस्त हैं।”
ट्रंप ने शिखर सम्मेलन के दौरान एक बैठक में भी पीएम मोदी की तारीफ दोहराई। उन्होंने प्रधानमंत्री को अपना दोस्त और एक महान नेता बताया। साथ ही कहा कि पूरी दुनिया में उनका बहुत सम्मान किया जाता है।
पीएम मोदी बोले- भारत के लिए भरोसेमंद साझेदारी है क्वाड
क्वाड नेताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस समूह को भारत के लिए एक रचनात्मक और भरोसेमंद साझेदारी बताया। उन्होंने कहा कि चारों देशों के बीच सहयोग का उद्देश्य केवल विचार-विमर्श तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनिया को भरोसेमंद और व्यावहारिक समाधान उपलब्ध कराना भी है।
पीएम मोदी ने कहा कि चारों देशों के विदेश मंत्री अब तक पांच बार बैठक कर चुके हैं। यह उनकी राजनीतिक इच्छाशक्ति और क्वाड के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्रधानमंत्री ने समुद्री सुरक्षा, भरोसेमंद सप्लाई चेन, नई तकनीकों और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में क्वाड के सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में समूह का प्रयास भरोसेमंद समाधान उपलब्ध कराना रहा है।
मनीला से जुड़ा है क्वाड का पुराना इतिहास
प्रधानमंत्री मोदी ने क्वाड और मनीला के बीच ऐतिहासिक संबंधों का भी उल्लेख किया। उन्होंने याद दिलाया कि चारों देशों के अधिकारियों की पहली मुलाकात वर्ष 2007 में मनीला में हुई थी। इसके करीब दस साल बाद, 2017 में इसी शहर में क्वाड के तहत बातचीत दोबारा शुरू हुई।
पीएम मोदी ने कहा कि ऐतिहासिक शहर मनीला में एक बार फिर क्वाड बैठक का आयोजन होना अपने आप में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
गौरतलब है कि क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। फिलीपींस इस वर्ष आसियान के वार्षिक शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है। इसके साथ ही यहां 2024 के बाद क्वाड नेताओं का पहला शिखर सम्मेलन भी आयोजित किया जा रहा है।
