ऋषभ पंत के शॉट सिलेक्शन पर मोहम्मद कैफ का सवाल, ‘कॉमन सेंस नाम की भी चीज होती है’

Mohammad Kaif questions Rishabh Pant's shot selection: "There is such a thing as common sense."
(Screengrab)

चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: भारत और श्रीलंका के बीच गाले में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत एक बार फिर अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके। पंत 62 गेंदों पर 39 रन बनाकर आउट हुए। उनके इस तरह विकेट गंवाने पर पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने उनके शॉट सिलेक्शन पर सवाल उठाए और इसे ‘कॉमन सेंस’ की कमी बताया।

भारत की पारी के 81वें ओवर में पंत ने गेंदबाज पर हमला करने के इरादे से क्रीज से बाहर निकलकर शॉट खेलने की कोशिश की। हालांकि गेंद उनके बल्ले के निचले हिस्से से लगी और वह इसे सही तरीके से टाइम नहीं कर सके। गेंद सीधे मिड-ऑफ की ओर गई, जहां उनका कैच लपक लिया गया।

पंत के आउट होने पर मोहम्मद कैफ ने कहा कि उन्हें इस तरह आउट होने से शिकायत नहीं है, क्योंकि वह इसी अंदाज में बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन कैफ के मुताबिक, नई गेंद के खिलाफ पंत को थोड़ा संयम दिखाना चाहिए था।

कैफ ने सोनी स्पोर्ट्स पर कहा, “मुझे ऋषभ पंत के आउट होने के तरीके से कोई शिकायत नहीं है। वह इसी तरह खेलते हैं, लेकिन शिकायत कॉमन सेंस को लेकर है। यह नई गेंद का पहला ओवर था। उन्होंने उस ओवर में तीन बार आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश की।”

उन्होंने आगे कहा, “कॉमन सेंस यही कहता है कि कट शॉट खेलिए और नई गेंद को पांच-छह ओवर देखिए। टेस्ट मैच में यही परंपरा रही है। जो भी उनके जैसे आक्रामक अंदाज में खेलता है, वह भी कुछ मौकों पर कॉमन सेंस का इस्तेमाल करता है।”

कैफ ने कहा कि बड़े स्कोर पर पहुंच चुके बल्लेबाज भी नई गेंद आने के बाद कुछ गेंदों को छोड़ने और परिस्थितियों को समझने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा, “मुझे हैरानी हुई कि उन्होंने ओवर की पहली ही गेंद पर आगे बढ़कर हमला करने की कोशिश की। थोड़ा कैलकुलेशन जरूरी है। अगर कोई बल्लेबाज 150 रन पर भी है, तो नई गेंद आने पर वह कुछ गेंदों को छोड़ता है। यहां मैं पंत को कुछ अंक कम दूंगा। वह लॉजिक और क्रिकेटिंग सेंस में काफी पीछे रह गए।”

दूसरे दिन भारत ने 288/2 के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। पंत 39 रन पर आउट हुए, जबकि केएल राहुल ने 82 रनों की पारी खेली। इसके बाद देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 167 रन बनाए। ध्रुव जुरेल ने भी 51 रनों की उपयोगी पारी खेली, जबकि मानव सुथार ने 24 रन का योगदान दिया। हालांकि आखिरी सत्र में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने जोरदार वापसी की।

श्रीलंका की ओर से प्रभात जयसूर्या सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 109 रन देकर चार विकेट हासिल किए। वहीं केशारा नुवंथा ने पंत का विकेट लेने के साथ दिन का खेल 3/175 के आंकड़े के साथ समाप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *