BJP ने नितिन नबीन की अगुवाई में घोषित की नई राष्ट्रीय टीम, स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी

चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नेतृत्व में अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा कर दी है। कई राज्यों में आगामी चुनावों को देखते हुए गठित टीम में क्षेत्रीय संतुलन के साथ अनुभवी नेताओं और युवा चेहरों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी की संगठन में वापसी को प्रमुख बदलाव माना जा रहा है। उन्हें राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के पद पर बनी रहेंगी। BJP के 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में छह महिलाएं हैं। इसके अलावा चार महिला सचिव और एक महिला महासचिव को भी जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की नई टीम में मुस्लिम समुदाय से भी दो नेताओं को स्थान मिला है।
नई नियुक्तियों में दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों पर विशेष जोर दिखाई देता है। केरल, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर से जुड़े नेताओं को प्रमुख संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) छोड़ने वाले संदीप पाठक को राष्ट्रीय सचिव बनाया गया है। वहीं संबित पात्रा को पूर्वोत्तर क्षेत्र का समन्वयक नियुक्त किया गया है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्षों में वसुंधरा राजे के अलावा तीरथ सिंह रावत, राम माधव, बैजयंत पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा और सरदार मनप्रीत सिंह बादल प्रमुख नाम हैं। गुजरात की वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, महाराष्ट्र की डॉ. भारती प्रवीण पवार, मध्य प्रदेश के लाल सिंह आर्य, कर्नाटक के एम. नागराज, उत्तर प्रदेश के तारिक मंसूर और पश्चिम बंगाल की मधुचंदा कर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।
बीएल संतोष राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बने रहेंगे। उनके साथ शिव प्रकाश और सौदान सिंह को संयुक्त महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
संचार रणनीति की जिम्मेदारी अनिल बलूनी को मीडिया समन्वयक के रूप में दी गई है। उनके साथ आशीष उषा अग्रवाल, प्रदीप भंडारी और सिद्धार्थ यादव संयुक्त समन्वयक होंगे। वहीं दीपक म्हास्के सोशल मीडिया समन्वयक बनाए गए हैं। उनके साथ प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव संयुक्त समन्वयक के तौर पर काम करेंगे।
