पार्किंग विवाद को लेकर रजत दलाल का वीडियो वायरल, बोले- 45-50 मिनट इंतजार के बाद भी नहीं हटी गाड़ी
चिरौरी न्यूज
फरीदाबाद की एक पार्किंग से कंटेंट क्रिएटर रजत दलाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में रजत अपनी महिंद्रा थार को पार्किंग से बाहर निकालने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उनकी कार सामने खड़ी एक दूसरी गाड़ी से टकराती हुई दिखाई देती है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर बहस छिड़ गई है।
रजत दलाल के मुताबिक, एक कार इस तरह से पार्क की गई थी कि उनकी थार के बाहर निकलने के लिए बेहद कम जगह बची थी। उन्होंने दावा किया कि वह करीब 45-50 मिनट तक दूसरी गाड़ी के मालिक का इंतजार करते रहे, लेकिन काफी समय बीतने के बावजूद कोई वहां नहीं पहुंचा।
रजत ने यह भी बताया कि दूसरी कार पर कोई कॉन्टैक्ट नंबर नहीं था। ऐसे में उनके पास वाहन के मालिक से संपर्क करने या गाड़ी हटाने के लिए कहने का कोई सीधा तरीका नहीं था। वायरल वीडियो में वह भीड़भाड़ वाली पार्किंग में अपनी थार को निकालने की कोशिश करते हैं और इसी दौरान कार सामने खड़ी गाड़ी से टकरा जाती है।
रजत ने अपनी थार के सामने खड़ी कार की तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की और पार्किंग में बार-बार होने वाली ऐसी घटनाओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा, “रोज का ड्रामा है यार। इतनी बड़ी पार्किंग में, इतनी सारी गाड़ियों में हमेशा मेरी ही गाड़ी मिलती है!”
रजत ने शेयर कीं ऐसी और घटनाओं की तस्वीरें
वीडियो वायरल होने के बाद रजत ने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर ऐसी कई अन्य घटनाओं की तस्वीरें और वीडियो भी शेयर किए, जिनमें कथित तौर पर उनकी कार का रास्ता दूसरी गाड़ियों की वजह से बाधित था। इन पोस्ट के जरिए उन्होंने यह बताने की कोशिश की कि पार्किंग में गाड़ी फंसने की यह कोई एक बार की घटना नहीं है। उनका दावा है कि उन्हें अक्सर इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने दावा किया कि वायरल वीडियो किसी प्रमोशनल या स्क्रिप्टेड कंटेंट का हिस्सा हो सकता है। रजत ने इन अटकलों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह कोई प्रमोशनल या स्क्रिप्टेड वीडियो नहीं था और पार्किंग की स्थिति वहां रोजाना ऐसी ही रहती है। वीडियो को लेकर किए जा रहे ड्रोन या एरियल शॉट के दावों पर भी उन्होंने सफाई दी।
रजत ने कहा, “यह कोई प्रमोशनल वीडियो या स्क्रिप्टेड चीज नहीं थी। यहां पार्किंग का यही हाल रोज होता है। और वह एरियल शॉट या ड्रोन शॉट नहीं था। जिम तीसरी मंजिल पर है। हर चीज की एक सीमा होती है!”
एक अन्य इंस्टाग्राम स्टोरी में रजत ने बताया कि वायरल फुटेज उनके जिम से रिकॉर्ड किया गया था, जो एक इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित है। उन्होंने कहा कि वहां से नीचे की पार्किंग साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा, “बहुत सारे लोगों को लग रहा है कि यह कोई प्रमोशनल या स्क्रिप्टेड वीडियो है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। यह सेक्टर-16, फरीदाबाद की पार्किंग है। यहां का हाल जो लोग आते हैं, उन्हें अच्छी तरह पता है।”
रजत ने आगे कहा कि अगर कोई व्यक्ति अपनी मजबूरी में किसी दूसरे वाहन के आगे या पीछे गाड़ी खड़ी करता है, तो उसे कम से कम अपना संपर्क नंबर जरूर छोड़ना चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर उससे संपर्क किया जा सके। रजत ने कहा कि वह भी एक आम इंसान हैं और हर बार किसी की गलती की वजह से अपना समय बर्बाद नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि अगर किसी को किसी वाहन के आगे या पीछे अपनी गाड़ी मजबूरी में खड़ी करनी पड़ती है, तो उसे अपना नंबर छोड़ देना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैं भी एक इंसान हूं, मेरी भी एक सीमा है। आगे या पीछे अगर तुम गाड़ी लगाते हो और कोई मजबूरी है, तो अपना नंबर लिखकर जाओ। अगर नंबर भी नहीं लिखकर जा रहे हो और गलत तरीके से गाड़ी लगा रहे हो, तो न मैं समाज सुधारक हूं और न ही सबका ठेका लेकर चल सकता हूं।”
फिलहाल, वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग रजत के इंतजार करने के दावे का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स पार्किंग से बाहर निकलने के दौरान दूसरी कार से टकराने के तरीके पर सवाल उठा रहे हैं।
