Bigg Boss 20 में फिर गरमाया माहौल, आसिफ खान और काजी तौकीर में हाथापाई की नौबत
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: Bigg Boss 20 के घर में दूसरा हफ्ता शुरू होते ही विवाद और तनाव बढ़ता नजर आ रहा है। कंटेस्टेंट्स के बीच लगातार बहस देखने को मिल रही है। अब शो का एक नया प्रोमो सामने आया है, जिसमें आसिफ खान और काजी तौकीर के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। मामला इतना बढ़ जाता है कि दोनों के बीच हाथापाई की नौबत आ जाती है।
दरअसल, यह पूरा विवाद दूसरे कप्तानी टास्क के बाद शुरू होता है। प्रोमो में बिग बॉस कप्तानी के दावेदारों गुल्लू, माही विज, रिती तिवारी और कनिका मान को एक टास्क देते हैं। टास्क के दौरान उन्हें नॉमिनेटेड कंटेस्टेंट्स आसिफ खान, स्काउट और रोहेड़ खान में से किसी एक को चुनकर उसकी लाइफलाइन खत्म करनी होती है।
टास्क खत्म होने के बाद घर का माहौल अचानक गरमा जाता है। इसी दौरान आसिफ खान और काजी तौकीर के बीच बहस शुरू हो जाती है। बहस के दौरान आसिफ, काजी से सम्मान के साथ बात करने के लिए कहते हैं। इसके बाद काजी भी अपना आपा खो देते हैं और उन्हें याद दिलाते हैं कि पिछली बहस के दौरान उन्होंने आसिफ को पहले ही माफ कर दिया था।
इसके बाद दोनों के बीच विवाद और बढ़ जाता है। प्रोमो में दिखाई देता है कि गुस्से में आसिफ खान बेड पर चढ़ जाते हैं और काजी की तरफ बढ़ते हैं। ऐसा लगता है कि दोनों के बीच बात हाथापाई तक पहुंच सकती है। हालांकि, इससे पहले ही घर के बाकी सदस्य बीच में आ जाते हैं और दोनों को एक-दूसरे के करीब आने से रोक देते हैं।
प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस विवाद को लेकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई दर्शकों ने काजी तौकीर का समर्थन किया और आसिफ खान के व्यवहार को जरूरत से ज्यादा आक्रामक बताया। कुछ यूजर्स ने बिग बॉस से मामले में कार्रवाई करने की मांग भी की।
एक यूजर ने कमेंट किया, “आसिफ ने वास्तव में कौन-कौन से एक्टिंग प्रोजेक्ट किए हैं? वह हर किसी की एक्टिंग पर ऐसे तंज कसते हैं जैसे खुद कोई महान अभिनेता हों। एक काबिल अभिनेता कला को आगे बढ़ाता है, जबकि घमंडी व्यक्ति बार-बार यह बताता रहता है कि वह कितना अच्छा है।”
एक अन्य यूजर ने लिखा, “जब भी किसी से बहस होती है, आसिफ हर बार सामने वाले की तरफ क्यों बढ़ने लगते हैं?” वहीं एक और कमेंट में लिखा गया, “आसिफ बहुत ज्यादा आक्रामक हैं। भाई, काजी पर जाने के लिए बेड पर ही चढ़ गए।”
हालांकि, आसिफ खान और काजी तौकीर के बीच विवाद की असल वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। प्रोमो में बहस का एक हिस्सा ही देखने को मिला है। ऐसे में पूरे मामले की सच्चाई और दोनों के बीच विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, यह आने वाले एपिसोड में ही पता चलेगा।
