‘पुजारा को आउट करना बेहद मुश्किल था’, बोले पैट कमिंस

'Dismissing Pujara was extremely difficult,' said Pat Cumminsचिरौरी न्यूज

नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने भारतीय क्रिकेट के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा को अपने करियर में सामना किए गए सबसे मुश्किल भारतीय खिलाड़ी के रूप में चुना है। कमिंस ने पुजारा की धैर्यपूर्ण बल्लेबाजी और लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहने की क्षमता की जमकर तारीफ की।

हाल ही में एक बातचीत के दौरान पैट कमिंस से अलग-अलग देशों के ऐसे खिलाड़ियों के नाम पूछे गए,जिनके खिलाफ खेलना उनके लिए सबसे चुनौतीपूर्ण रहा। भारत की ओर से उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट के चेतेश्वर पुजारा का नाम लिया।

कमिंस ने कहा, “भारत से मैं पुजारा को चुनूंगा। उन्हें आउट करना बेहद मुश्किल है। यह हजारों कागजी कट से होने वाली मौत जैसा है। अगर वह चाहें तो 100 डॉट बॉल भी खेलने को तैयार रहते थे। वह आपको मौका नहीं देने वाले थे।”

पुजारा की बल्लेबाजी की यही खासियत उन्हें टेस्ट क्रिकेट में विपक्षी गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बनाती थी। वह घंटों क्रीज पर टिककर गेंदबाजों को लगातार परेशान करने और टीम के लिए मजबूत आधार तैयार करने के लिए जाने जाते थे।

पाकिस्तान के खिलाफ अपने सबसे मुश्किल प्रतिद्वंद्वी के तौर पर कमिंस ने पूर्व स्पिनर सईद अजमल को चुना। उन्होंने अजमल की गेंदबाजी को याद करते हुए कहा कि उनके खिलाफ एक गेंद पर वह पूरी तरह हैरान रह गए थे।

कमिंस ने बताया कि ओवर की आखिरी गेंद पर वह बल्लेबाजी करने आए और अजमल ने गेंद डाली, जिस पर वह क्लीन बोल्ड हो गए। कमिंस के मुताबिक, उन्होंने इससे पहले ऐसा कुछ नहीं देखा था।

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने अलग-अलग देशों से जिन खिलाड़ियों को चुना, उनमें इंग्लैंड के एलिस्टर कुक, दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स,न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकुलम, श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल शामिल रहे। खास बात यह रही कि कमिंस की सूची में शामिल सभी खिलाड़ी अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। चेतेश्वर पुजारा ने पिछले साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी। भारत के लिए उन्होंने 103 टेस्ट मैचों में 7,195 रन बनाए। उनका टेस्ट बल्लेबाजी औसत 43.60 रहा, जबकि उनके नाम 19 शतक और 35 अर्धशतक दर्ज हैं। पुजारा ने भारत के लिए पांच वनडे मैच भी खेले, जिनमें उन्होंने 51 रन बनाए।

इस बीच ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर तीन वनडे और तीन टेस्ट मैच खेलेगी। ऑस्ट्रेलिया की टीम फिलहाल जिम्बाब्वे में तीन वनडे मैचों की सीरीज खेल रही है। कमिंस दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे मुकाबलों के लिए टीम से जुड़ेंगे, जिसके बाद 9 अक्टूबर से टेस्ट सीरीज शुरू होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *