प्रेग्नेंसी के बाद बदली कैटरीना कैफ की खूबसूरती को लेकर सोच, ‘बेहतर महसूस करना ही असली सुंदरता’

Katrina Kaif’s perspective on beauty changed after pregnancy: ‘Feeling better is true beauty’चिरौरी न्यूज

नई दिल्ली:  बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ इन दिनों फिल्मों से दूर अपने बिजनेस और परिवार पर ध्यान दे रही हैं। बेटे विहान के जन्म के बाद से ही एक्ट्रेस को सोशल मीडिया पर अपनी बॉडी और लुक्स को लेकर काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है। हालांकि, कैटरीना ने सीधे तौर पर बॉडी-शेमिंग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। अब उन्होंने एक इंटरव्यू में प्रेग्नेंसी और मदरहुड के बाद खूबसूरती, सेहत और आत्मविश्वास को लेकर बदली अपनी सोच के बारे में खुलकर बात की है।

अब खूबसूरत दिखने से ज्यादा जरूरी है अच्छा महसूस करना’

The Hollywood Reporter India को दिए इंटरव्यू में कैटरीना ने बताया कि समय के साथ खूबसूरती को लेकर उनका नजरिया काफी बदल गया है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने मॉडलिंग और एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी, तब इंडस्ट्री में खूबसूरती को लेकर कई तरह के तय मानक और स्टीरियोटाइप मौजूद थे।

कैटरीना के मुताबिक, अब उनके लिए सबसे अच्छा दिखना सिर्फ किसी तय खूबसूरती के पैमाने पर खरा उतरना नहीं है, बल्कि खुद को अंदर से स्वस्थ और बेहतर महसूस करना है।

हेल्थ और स्किन केयर पर दे रही हैं खास ध्यान

एक्ट्रेस ने बताया कि अब उनकी ब्यूटी रूटीन की शुरुआत अंदर से स्वस्थ रहने से होती है। वह सूजन को नियंत्रित रखने, संतुलित डाइट लेने, नियमित रूप से एक्टिव रहने और मेडिटेशन को अपनी दिनचर्या में शामिल करने पर ध्यान देती हैं।

कैटरीना का मानना है कि शरीर और मन की सेहत का असर त्वचा और बाहरी व्यक्तित्व पर भी दिखाई देता है। उन्होंने यह भी बताया कि सुबह की शुरुआत प्राकृतिक रोशनी में करना और दिन के पहले एक घंटे स्क्रीन से दूर रहना जैसे छोटे-छोटे बदलाव भी उन्हें बेहतर महसूस कराते हैं।

कैटरीना ने कहा कि इन आदतों से उन्हें काफी फर्क महसूस होता है और इसका असर उनकी त्वचा पर भी दिखाई देता है। उनके मुताबिक, जब इंसान अंदर से स्वस्थ और अच्छा महसूस करता है, तो उसका आत्मविश्वास अपने आप बाहर नजर आने लगता है।

एक्ट्रेस की यह सोच ऐसे समय में सामने आई है, जब बेटे के जन्म के बाद उनके लुक्स को लेकर लगातार सोशल मीडिया पर चर्चाएं और टिप्पणियां देखने को मिली हैं। हालांकि, कैटरीना ने ट्रोलिंग को लेकर सीधे कोई बयान नहीं दिया, लेकिन उनकी बातें यह जरूर दिखाती हैं कि अब वह बाहरी खूबसूरती के तय मानकों से ज्यादा स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आत्मविश्वास को महत्व देती हैं।

फिल्मों से दूर बिजनेस पर फोकस

वर्कफ्रंट की बात करें तो कैटरीना कैफ फिलहाल फिल्मों से दूर हैं और अपने सफल मेकअप ब्रांड Kay Beauty के विस्तार पर ध्यान दे रही हैं। उन्हें आखिरी बार Vijay Sethupathi के साथ फिल्म ‘Merry Christmas’ में देखा गया था, जो 2024 में रिलीज हुई थी। प्रेग्नेंसी और मदरहुड के बाद एक्ट्रेस फिलहाल अपनी पर्सनल लाइफ और बिजनेस दोनों को बैलेंस करती नजर आ रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *