‘लव एंड वॉर’ में आलिया भट्ट का रेट्रो ग्लैम लुक वायरल, पूरी हुई फिल्म की शूटिंग
चिरौरी न्यूज
नई दिल्ली: संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ को लेकर फैंस की एक्साइटमेंट लगातार बढ़ती जा रही है। रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल स्टारर इस फिल्म का नया पोस्टर मेकर्स ने जारी कर दिया है, जिसमें आलिया भट्ट का रेट्रो ग्लैम लुक देखने को मिल रहा है।
पोस्टर में आलिया लाल रंग के सीक्विन को-ऑर्ड सेट में बेहद ग्लैमरस अंदाज में नजर आ रही हैं। उनके हेयरस्टाइल में लगा फेदर एक्सेसरी उनके पूरे लुक को रेट्रो टच दे रहा है। पोस्टर के साथ मेकर्स ने कैप्शन में लिखा, “आग भी, दिलों की जान भी! संजय लीला भंसाली की ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को आएगी।”
पूरी हुई ‘लव एंड वॉर’ की शूटिंग
फिल्म की शूटिंग अब आधिकारिक तौर पर पूरी हो चुकी है। शूटिंग खत्म होने के मौके पर संजय लीला भंसाली और उनकी पूरी टीम ने यूनिट के साथ भावुक विदाई ली। अब फिल्ममेकर फिल्म के पोस्ट-प्रोडक्शन पर अपना पूरा ध्यान केंद्रित करेंगे।
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी ‘लव एंड वॉर’ को उनके करियर की सबसे बड़े बजट वाली फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म की कहानी दो आर्मी ऑफिसर्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनके किरदार रणबीर कपूर और विक्की कौशल निभा रहे हैं। दोनों की जिंदगी आलिया भट्ट के किरदार से जुड़ती है और कहानी एक दिलचस्प लव ट्रायंगल का रूप लेती है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुईं BTS तस्वीरें
फिल्म की शूटिंग के दौरान सेट से कई बिहाइंड-द-सीन्स यानी BTS तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आती रही हैं। इनमें रणबीर कपूर और विक्की कौशल का एयर फोर्स यूनिफॉर्म में नजर आने वाला लुक खास तौर पर चर्चा में रहा। दोनों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आते ही तेजी से वायरल हो गई थीं।
‘लव एंड वॉर’ के जरिए संजय लीला भंसाली और रणबीर कपूर करीब दो दशक बाद फिर साथ काम कर रहे हैं। दोनों ने इससे पहले साल 2007 में रिलीज हुई फिल्म ‘सांवरिया’ में साथ काम किया था।
वहीं, संजय लीला भंसाली और आलिया भट्ट की जोड़ी भी एक बार फिर पर्दे पर लौट रही है। दोनों इससे पहले ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी सफल फिल्म में साथ काम कर चुके हैं। अब फैंस को इस फिल्म की रिलीज का इंतजार है। ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।
