‘कजरा रे 2.0’ पर अभिषेक बच्चन का बड़ा बयान, जानें क्या बोले
चिरौरी न्यूज
मुंबई: साल 2005 में रिलीज हुई फिल्म ‘बंटी और बबली’ का गाना ‘कजरा रे’ आज भी बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और यादगार गानों में शुमार है। इस गाने में अभिषेक बच्चन, ऐश्वर्या राय और अमिताभ बच्चन की तिकड़ी ने स्क्रीन पर ऐसा जादू बिखेरा था, जिसे आज भी दर्शक याद करते हैं। खास बात यह है कि उस वक्त अभिषेक और ऐश्वर्या की शादी नहीं हुई थी।
अब करीब 21 साल बाद अभिषेक बच्चन ने इस आइकॉनिक गाने के ‘कजरा रे 2.0’ वर्जन को लेकर अपनी इच्छा जाहिर की है। BBC Asian Network से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह गाने के नए वर्जन में काम करना चाहेंगे, तो अभिषेक ने कहा कि वह इसके लिए बिल्कुल तैयार हैं।
अभिषेक ने कहा, “मैं इसे जरूर करना चाहूंगा। मैं इसके लिए तैयार हूं। हालांकि, इसके लिए आपको ऐश्वर्या और मेरे पापा को मनाना होगा।”
अभिषेक ने इस दौरान ‘कजरा रे’ की शूटिंग से जुड़ी कई यादें भी साझा कीं। उन्होंने कहा कि शायद ही किसी दूसरे गाने की शूटिंग के दौरान उन्होंने इतना मजा किया हो। अभिषेक के मुताबिक, “मुझे नहीं लगता कि मैंने किसी गाने की शूटिंग में ‘कजरा रे’ से ज्यादा मजा किया है। यह एक बड़ी सी हैप्पी पार्टी थी। हमने इसे बेहद एन्जॉय किया।”
उन्होंने बताया कि गाने की शूटिंग के दौरान उनका जन्मदिन भी था और सेट पर उनका जन्मदिन मनाया गया था।
चार घंटे तक सेट पर चली डांस पार्टी
अभिषेक ने बताया कि फिल्म के निर्देशक शाद अली सेट पर घंटों तक ‘कजरा रे’ गाना बजाते थे और पूरी टीम उस पर डांस करती थी। शाद अली ने इस दौरान उन पलों को कैमरे में रिकॉर्ड भी किया और बाद में उस फुटेज के कुछ हिस्सों को गाने में शामिल कर दिया।
अभिषेक ने बताया कि करीब चार घंटे तक सेट पर एक तरह की डांस पार्टी चलती रही। उनके मुताबिक, निर्देशक ने कलाकारों को बिना किसी दबाव के गाने पर मस्ती करने दी और इसी दौरान शूट किए गए कई सहज पलों को बाद में गाने का हिस्सा बनाया गया।
अभिषेक ने ‘कजरा रे’ को एक “कल्ट स्टेटस” वाला गाना बताते हुए कहा कि इसकी शूटिंग की यादें उनके लिए बेहद खास हैं और उन्होंने उस दौरान खूब मस्ती की थी।
‘बंटी और बबली’ में ऐसी थी स्टारकास्ट
‘बंटी और बबली’ में अभिषेक बच्चन ने एक ठग की भूमिका निभाई थी, जबकि रानी मुखर्जी उनके साथ मुख्य भूमिका में थीं। अमिताभ बच्चन ने फिल्म में उस पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया था, जो दोनों के पीछे लगा रहता है।
‘कजरा रे’ को शंकर-एहसान-लॉय ने कंपोज किया था। इसे अलीशा चिनॉय, शंकर महादेवन और जावेद अली ने अपनी आवाज दी थी, जबकि गाने की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की थी।
अब अभिषेक के बयान के बाद फैंस के बीच यह सवाल उठना लाजिमी है कि क्या कभी ‘कजरा रे’ की मशहूर तिकड़ी एक बार फिर स्क्रीन पर साथ नजर आएगी। फिलहाल अभिषेक ने अपनी इच्छा जाहिर कर दी है, लेकिन ‘कजरा रे 2.0’ को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
